दिल्ली : मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शांति के लिए सबसे भरोसेमंद आवाज बन गया है : शाह - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

दिल्ली : मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शांति के लिए सबसे भरोसेमंद आवाज बन गया है : शाह

modi-peace-voice-amit-shah
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैश्विक शांति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना की है, जो दिखाता है कि मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शांति के लिए सबसे भरोसेमंद आवाज बन गया है। शाह ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा, ‘‘यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने वैश्विक शांति के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना की है।’’ उन्होंने कहा कि यह बयान महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर आया है, जिन्हें उन्होंने वैश्विक शांति और अहिंसा का संदेशवाहक बताया। उन्होंने कहा कि इन टिप्पणियों से पता चलता है कि मोदी के नेतृत्व में भारत ‘‘वैश्विक शांति के लिए सबसे भरोसेमंद आवाज’’ बन गया है। शाह ने कहा, ‘‘युद्ध, तनाव और अस्थिरता के इस दौर में मोदी जी ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया है कि समाधान युद्ध के मैदान में नहीं, बल्कि संवाद और कूटनीति के जरिये निकलते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चाहे वैश्विक संघर्ष हों या कोई आपदा, मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने हमेशा मदद की पेशकश करने के लिए सबसे पहले आगे बढ़कर पहल की है और यही वजह है कि हमारी ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की परंपरा को आज वैश्विक मंच पर एक नयी पहचान मिली है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यही वजह है कि आज दुनिया में किसी भी संकट के दौरान भारत का रुख महत्वपूर्ण होता है और पूरी दुनिया प्रधानमंत्री की बात को ध्यान से सुनती है।’’ रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन संघर्ष के आपसी समाधान को लेकर मोदी के ‘‘बहुत अच्छे विचार’’ हैं और वह ‘‘हर मुलाकात’’ में यह मुद्दा उठाते हैं। सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ के अनुसार, पुतिन ने बृहस्पतिवार को ‘वाल्दाई अंतरराष्ट्रीय चर्चा क्लब’ की वार्षिक बैठक में कहा, ‘‘युद्ध समाप्त करने को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के रुख के बारे में मैं कह सकता हूं कि वह उन विश्व नेताओं में से एक हैं, जो व्यक्तिगत स्तर पर मैत्रीपूर्ण संबंध होने के बावजूद लगातार यह मुद्दा उठाते हैं और यूक्रेन में संघर्ष समाप्त करने के बारे में पूछते हैं।’’ उन्होंने कहा, मोदी ‘‘हमारी हर मुलाकात में इन मामलों को उठाते हैं और इनमें गहरी दिलचस्पी रखते हैं।’’ पुतिन ने कहा, ‘‘पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान खोजने के उद्देश्य से उनके पास बहुत अच्छे विचार हैं।’’

कोई टिप्पणी नहीं: