सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक कुमार गंधर्व के बेटे और मशहूर खयाल गायक मुकुल शिवपुत्र मंगलवार सुबह होशंगाबाद रेलवे स्टेशन के करीब बेहोश पड़े मिले। मैले से कपड़े पहने, बढ़ी दाढ़ी और उलझे बालों वाले इस शख्स की पहचान होने के बाद लोग अवाक रह गए।
पिछले कुछ साल से दुनिया से बेखबर मंदिरों और सराय को अपना ठिकाना बना चुके मुकुल को लोग मानसिक रोगी और नशेड़ी समझने लगे हैं। कभी कभार मयखानों में भी नजर आ जाने वाले मुकुल को कुछ दिन पहले भोपाल में भीख मांगते भी देखा गया था।
मुकुल के स्टेशन के नजदीक बेहोश पड़े होने की सूचना किसी व्यक्ति ने जिला प्रशासन को दी जिसके बाद उन्हें सीधे जिला अस्पताल ले जाया गया। होशंगाबाद के सीएमओ डॉ। राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उनके शरीर में पानी की कमी (डीहाईड्रेशन)हो गई है। उन्हें ग्लूकोज दिया जाना जरूरी है, लेकिन वह इसमें सहयोग नहीं कर रहे हैं। सिंह ने बताया कि उन्होंने इस बीच खाना खाया है और उनकी हालत अब कुछ बेहतर है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें