भारत को मुंबई हमले के आरोपी आतंकी डेविड कोलमन हेडली से पूछताछ की इजाजत मिल गई है। लश्कर ए तैयबा के आतंकी हेडली से पूछताछ के लिए भारतीय नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी(एनआईए)की टीम अमेरिका में मौजूद है।
यूएस नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर जेम्स जोंस ने शनिवार को ये जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिका ने अपना वादा निभाया है। हांलाकि जोंस ने ये जानकारी नहीं दी है कि भारतीय दल कब हेडली से मिलेगा। हेडली इन दिनों शिकागो में है।
जोंस के अनुसार वह खुश है कि दुनिया में आतंकी गतिविधियों के खात्मे को लेकर दोनों देश साथ में काम कर रहे है। जिसके तहत हम पूरी कोशिश करेंगे की अपनी खुफिया सूचनाएं एक दूसरे से बांट सकें। इस सवाल पर कि क्या भारत को हेडली से एक से ज्यादा बार पूछताछ करने दी जाएगी, जोंस ने कहा कि अमेरिका ने भारत के प्रति सहयोगात्मक रवैया रखा है लेकिन इसे लेकर अभी वह ज्यादा कुछ नहीं कह पाएंगे।
जोंस ने कहा अगर मैं आतंकी होता तो मुझे समझ आ जाता कि भारत और अमेरिका के साथ काम करने से मेरा काम कितना मुश्किल हो जाएगा। जोंस के अनुसार आतंकी गतिविधियों के खिलाफ देशों को साथ काम करना बेहद जरूरी है। हेडली से पूछताछ करने के लिए भारतीय दल इसी हफ्ते की शुरूआत में शिकागो पहुंच गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें