दिल्ली में पर्यटक बस पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने गोली चलाई !! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 20 सितंबर 2010

दिल्ली में पर्यटक बस पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने गोली चलाई !!

कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले राजधानी दिल्ली की सुरक्षा में सेंध लग गई है। पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के गेट नंबर तीन के पास रविवार सुबह 11.30 बजे बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने एक पर्यटक बस पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें ताइवान के दो नागरिक घायल हो गए। इस घटना के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। घायलों की पहचान सेसेवीन (27) और सिंग्लो (28) के रूप में की गई है। सेसेवीन के सिर में गोली लगी जबकि सिंग्लो के पेट में गोली लगी है। बाइक पर पीछे बैठे शख्स ने करीब 8-10 राउंड गोलियां दागीं, जिस जगह पर यह वारदात हुई, वहां से मात्र 100 मीटर की दूरी पर पुलिस थाना भी है। गौरतलब है कि मंगलवार को कॉमनवेल्थ की सुरक्षा पर बैठक होनी है। 

दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त करनैल सिंह ने बताया कि घटनास्थल से चार गोलियां बरामद की गई हैं और इस घटना में 0.38 रिवाल्वर का उपयोग किए जाने की आशंका है। गोलियां 9 एमएम के पिस्तौल एवं कार्बाइन से चलाए जाने की आशंका है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस पूरे मामले की दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। गृह मंत्रालय के अनुसार हमले के पीछे आतंककारी हमले को नकारा नहीं जा सकता है। इस घटना के बाद दिल्ली और मुम्बई में अलर्ट घोषित कर दिया गया। इस बीच आतंककारी संगठन इण्डियन मुजाहिदीन ने जामा मस्जिद के निकट गोलीबारी की घटना के ठीक बाद एक बयान जारी कर राष्ट्रमण्डल खेलों के दौरान हिंसा भड़काने की धमकी दी है। 
 
जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने फायरिंग की घटना को आतंकी हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस गोलीबार का मकसद राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान विदेशी नागरिकों को दिल्ली आने से रोकना है। कॉमनवेल्थ खेलों से महज 12 दिन पहले राजधानी की सड़कों पर खुलेआम विदेशी पर्यटकों के हमले की घटना की खबर ने दुनिया भर के देशों के चेहेरे पर शिकन ला दी है। घटना पर चिंता जताते हुए कनाडा ऑस्ट्रेलिया, इग्लैंड सहित चार देशों ने भारत से हमले की जानकारी मांगी है। 
 
फायरिंग की घटना में घायल हुए लोगों का हालचाल जानने के लिए गृह मंत्री पी.चिदंबरम लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल पहुंचे। घटना में घायल दोनों व्यक्ति एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिदंबरम ने घायलों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और इस दौरान वहां उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्साकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। 


भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने गृह मंत्री पी.चिदंबरम से मुलाकात की। आडवाणी ने चिदंबरम से मुलाकात के दौरान फायरिंग की घटना के संबंध में जानकारी ली। इस बीच भाजपा ने फायरिंग की घटना की सरकार से जांच कराने की मांग की है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले इस तरह की घटना में आतंकी संगठनों का हाथ हो सकता है इसलिए सरकार को मामले की जांच करानी चाहिए। 

दिल्ली पुलिस का कहना है कि रविवार को पर्यटकों की बस पर हुई फायरिंग की घटना आतंकी हमला नहीं है। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने कहा है कि फायरिंग की घटना में किसी संगठित संगठन का हाथ नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी तक की जांच में यह पता चला है कि यह घटना स्थानीय गैंग की करतूत है। भगत ने कहा कि फायरिंग की घटना को कॉमनवेल्थ गेम्स से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। 

भगत ने कहा कि जामा मस्जिद इलाके में ही मारूती कार में लगी आग की घटना को भी आतंकी हमले की साजिश से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। इंडियन मुजाहिदीन की ओर से बीबीसी को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल पर भगत ने कहा कि उस ई-मेल का फायरिंग की घटना से कोई लेेना देना नहीं है। गौरतलब है कि इससे पहले आशंका जताई जा रही थी कि फायरिंग की घटना में इंडियन मुजाहिदीन का हाथ हो सकता है। 


दिल्ली में फायरिंग की घटना के बाद समूचे राजधानी क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। खासकर राष्ट्रमंडल खेलों के मुख्य स्थलों तथा विदेशी खिलाडियों के ठहरने के लिए बनाए गए खेलगांव में आईटीबीटी के हथियारबंद जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही देश की आर्थिक राजधानी मुम्बई में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। वारदात के स्थल तथा जामा मस्जिद क्षेत्र में अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड समेत सभी भीड़भाड़ वाली जगहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खेलगांव जाने वाले रास्तों पर बैरिकेटस लगाए गए हैं तथा बिना पहचान बताए किसी को भीतर प्रवेश देने की मनाही हो गई है। 

जयपुर में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जिले के सभी थानाधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पर्यटक स्थल व धार्मिक स्थल पर थाने के जाप्ते के अलावा हथियारधारी जवान तैनात किए गए हैं। आमेर, बड़ी चौपड़, सिटी पैलेस जैसे स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। यह तैनाती एक सप्ताह तक यथावत रखने के लिए कहा गया है। पुलिस महानिरीक्षक बी.एल. सोनी ने बताया कि दिल्ली में हुई घटना के बाद शहर के एंट्री प्वाईट पर चैकिंग बढ़ाने के साथ होटलों में तलाशी भी शुरू की गई है।

आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन ने कॉमनवेल्थ गेम्स को भी निशाना बनाने की धमकी दी है। आईएम ने एक बीबीसी को लिखे पांच पन्नों के पत्र में कश्मीर में सुरक्षा बलों की कथित ज्यादती का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि हम आपको चेतावनी देते हैं कि अगर आपमें हिम्मत हैं तो कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन करकें दिखाएं। हमें पता है कि तैयारियां जोरों पर हैं। तैयार रहें, हम भी तैयारी कर रहे हैं चौंकाने वाली घटना की। गेम्स में भाग लेने वाले प्रतियोगी इसके परिणमों के लिए खुद जिम्मेदार होंगे। 

आईएम ने मेल में कहा है, हम ये हमला आतिफ, अमीन, मो. साजिद को श्रद्धांजलि के रूप में पेश करते हैं। बीबीसी के अनुसार, यह ई-मेल उन्हें दोपहर 1.40 मिनट पर अलडाटअरबी999123 एट जीमेल डाट काम पते से प्राप्त हुआ है। 

राष्ट्रमण्डल खेलों की आयोजन समिति के प्रवक्ता ललित भनोट ने रविवार को कहा कि गोलीबारी की घटना का राष्ट्रमण्डल खेलों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आयोजन समिति ने साथ ही आश्वासन दिया कि भारत मेहमान एथलीटों और अधिकारियों को फुलप्रूफ सुरक्षा मुहैया कराएगा। भनोट ने कहा कि देश की सुरक्षा इकाइयों ने सभी प्रतिभागियों और अधिकारियों के लिए सुरक्षित खेलों के लिए विस्तृत इंतजाम किए हैं। 

दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि इस दुखद घटना से घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। स्थिति नियंत्रण में है। सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस और सतर्क हो गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से घायलों के लिए चिंता की कोई बात नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं: