अयोध्या विवाद पर शुक्रवार को आने वाले इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को देखते हुए दिल्ली पुलिस भी सतर्क हो गई है। शहर में अमन और शांति कायम रखने के लिए संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही पुलिस खुफिया सूचनाएं जुटाकर यह भी पता लगा रही है कि फैसला आने के बाद विभिन्न पक्षों की क्या प्रतिक्रिया होगी ।
पुलिस प्रवक्ता राजन भगत ने बताया कि अयोध्या विवाद पर आने वाले फैसले के मद्देनजर राजधानी के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों व अन्य संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गेम्स के लिए पुलिस को जो अडिशनल फोर्स मिली है, उसका भी इस्तेमाल किया जाएगा और किसी को भी क़ानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। दिल्ली पुलिस इस मामले में पूरी तरह सतर्क है ।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक फैसले के मद्देनजर धार्मिक स्थलों के साथ-साथ राजधानी के उन इलाकों में भी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, जो सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील माने जाते हैं। इनमें नॉर्थ ईस्ट, साउथ ईस्ट, सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट दिल्ली के कुछ इलाके प्रमुख हैं। इन इलाकों से पुलिस खुफिया सूचनाएं भी जुटा रही है। हालांकि ताजा हालातों को देखते हुए पुलिस को उम्मीद है कि फैसले के बाद भी राजधानी में अमन और शांति बनी रहेगी।
गृह मंत्रालय गेम्स की तैयारियों के साथ-साथ इस मामले में भी पुलिस के आला अधिकारियों से लगातार जानकारी ले रहा है। पुलिस कमिश्नर ने सीनियर अफसरों को अपने इलाके में हालात पर नजर बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के आदेश दिए हैं। चूंकि समाज के एक बड़े तबके की नजर इस फैसले पर है, इसलिए पुलिस जनता के नुमाइंदों से भी लगातार बातचीत करके अमन और शांति कायम रखने में सहयोग करने की अपील कर रही है।
रविवार को जामा मस्जिद के सामने विदेशी सैलानियों पर हुए हमले और कार में विस्फोट की घटना के बाद जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने भी यह अंदेशा जताया था कि यह हमला अयोध्या मसले पर आने वाले फैसले से पहले माहौल खराब करने की एक साजिश भी हो सकता है।
गुरुवार, 23 सितंबर 2010
अयोध्या फैसले के मद्दे नज़र दिल्ली पुलिस सतर्क !!
Tags
# देश
Share This
About Kusum Thakur
देश
Labels:
देश
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें