बिहार विधान सभा चुनाव में कड़ी सुरक्षा होगी !! - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 22 सितंबर 2010

बिहार विधान सभा चुनाव में कड़ी सुरक्षा होगी !!

पंद्रहवें बिहार विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष कराने के लिए जमीन से आसमान तक की किलेबंदी की जायेगी। बीस फीसदी मतदान केंद्रों पर सेटेलाइट कैमरे लगाये जायेंगे। नक्सल प्रभावित जिलों पर विशेष नजर रखने की आवश्यकता है। फोटा पहचान पत्र वितरण में तेजी लायी जाये। सभी मतदान केंद्रों से एसएमएस के माध्यम से मतदान प्रतिशत सहित अन्य सूचना मुख्यालय को देनी होगी। 

ये बातें मुख्य निर्वाचन आयुक्त डॉ.एसवाई कुरैशी ने तीसरे-चौथे, पांचवें व छठे चरणों में पड़ने वाले जिलों के संबंधित प्रमंडलीय आयुक्तों, क्षेत्रीय आईजी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारियों एवं आरक्षी अधीक्षकों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि भयमुक्त चुनाव कराने के लिए सभी डीएम व एसपी अपने-अपने जिलों में तैयारी शुरू कर दें।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाये। आदर्श आचार संहिता का पालन सख्ती से कराया जाये। आयोग से राजनीतिक दलों ने शिकायत की थी कि खास जिलों में आदर्श आचार संहिता का पालन सख्ती से नहीं किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के लिए जिलाधिकारियों और आरक्षी अधीक्षकों को विशेष दिशा-निर्देश दिये गये हैं।

श्री कुरैशी ने कहा कि जिलों में विशेष अभियान चलाकर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों की जब्ती के लिए छापेमारी अभियान की शुरुआत की जाये। चुनाव में धांधली करने वाले लोगों के खिलाफ धारा 107 के तहत नोटिस निर्गत करने, लंबित मामलों में वारंट जारी करने, दबंग इलाकों और व्यक्तियों की पहचान करने को कहा ताकि चुनाव में कोई उत्पात नहीं मचा सके।

इस बात पर चिंता व्यक्त की गयी कि चुनाव में नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। साथ ही चुनाव बहिष्कार की भी कोशिश कर सकते हैं। नक्सल प्रभावित जिलों के आरक्षी अधीक्षकों ने अधिक से अधिक केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने की मांग की। अफसरों को चुनाव में मतदान प्रतिशत सहित अन्य जानकारियां एसएमएस के माध्यम से मुख्यालय को देनी होंगी।

इसके लिए निर्वाचन आयोग ने बीएसएनएल से समझौता किया है। चुनाव के दौरान शराब बिक्री पर आयोग की विशेष नजर रहेगी। अधिकारियों ने आयोग से कहा कि जिलों में चुनाव की तैयारी चल रही है। 20 फीसदी मतदान केंद्रों पर सेटेलाइट कैमरे लगाये जायेंगे। इसके माध्यम से निर्वाचन आयोग चुनाव पर नजर रखेगा। मतदाता सूची, मतदान केंद्रों, उम्मीदवारों के नाम,चुनाव कार्य में लगाये जाने वाले कर्मियों की सूची कम्प्यूटर में डालने संबंधी सॉफ्टवेयर पर भी चर्चा हुई।

बैठक में  निर्वाचन आयुक्त  वीएस संपत, एचएस ब्राम्हा, उप निर्वाचन आयुक्त विनोद जुत्शी, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर कुमार राकेश के साथ-साथ केंद्रीय निर्वाचन आयोग के कई अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह विशेष सचिव कुमार अंशुमाली,तीसरे-चौथे, पांचवें-छठे चरणों में पड़ने वाले जिलों के संबंधित प्रमंडलीय आयुक्त, क्षेत्रीय आईजी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी एवं आरक्षी अधीक्षक उपस्थित थे।

तीसरे चरण में 48 सीटों के लिए 28 अक्टूबर को वोट डाले जायेंगे। इसके लिए अधिसूचना चार अक्टूबर को जारी की जायेगी। तीसरे चरण में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण और वैशाली जिले में पड़ने वाले विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।

चौथे चरण में 42 सीटों के लिए एक नवम्बर को मतदान होगा। साथ ही इसी दिन बांका लोकसभा क्षेत्र का उप चुनाव भी होगा। इसके लिए सात अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जायेगी। चौथे चरण में बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, बांका, जमुई, लखीसराय और पटना जिले के दस विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जायेंगे। पांचवें चरण में 35 सीटों के लिए नौ नवंबर को वोट डाले जायेंगे। इसकी अधिसूचना 15 अक्टूबर को जारी की जायेगी।

इस चरण में आरा, गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा, औरंगाबाद, नालंदा, शेखपुरा और पटना जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। छठे चरण में 26 सीटों के लिए 20 नवम्बर को वोट डाले जायेंगे। इसके लिए अधिसूचना 27 अक्टूबर को जारी की जायेगी।  इस चरण में कैमूर, रोहतास और बक्सर जिले में पड़ने वाले विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवम्बर को होगी।

कोई टिप्पणी नहीं: