शिवहर और बेलसंड के मतदान समय परिवर्तित. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 23 अक्टूबर 2010

शिवहर और बेलसंड के मतदान समय परिवर्तित.

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को 45 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस बीच शिवहर में हुए नक्सली हमले के बाद शिवहर और बेलसंड विधानसभा क्षेत्र में मतदान का समय बदल दिया गया है।

राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार शिवहर में शुक्रवार को पुलिस वाहन पर नक्सली हमले के बाद बेलसंड और शिवहर विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के समय में परिवर्तन किया गया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुधीर कुमार राकेश ने शनिवार को बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेलसंड और शिवहर में सुबह सात से अपराह्न् तीन बजे तक मतदान होगा। पहले इन क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदान होना था। इसके आलावा मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर, पारू और साहेबगंज विधानसभा क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से तीन बजे तक मतदान होना पूर्व से ही तय है, लेकिन अन्य विधानसभा क्षेत्रों में पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। राकेश ने बताया कि इन क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा कार्य में हेलीकॉप्टर, नाव तथा घुड़सवार जवानों को भी लगाया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रविवार को दूसरे चरण में होने वाले सभी 45 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध होंगे। उन्होंने कहा कि शिवहर विधानसभा क्षेत्र के 96 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी, जबकि अन्य जिलों के 80 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे।

उन्होंने कहा कि कुछ मतदान केंद्रों पर अन्य सशस्त्र बलों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने शिवहर में हुए नक्सली हमले को नक्सलियों की बौखलाहट का परिणाम बताया। नीलमणि ने मतदाताओं से भी अपील की है कि वे मतदान केंद्र तक बेखौफ पहुंचें और मतदान करें, सुरक्षा की पूरी व्यवस्था है। दूसरे चरण में जिन जिलों में 45 सीटों के लिए मतदान होने हैं, वे हैं पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर। गौरतलब है कि मतदान शुरू होने के 36 घंटे पूर्व शुक्रवार की रात नक्सलियों ने शिवहर में एक बारूदी सुरंग में विस्फोट किया, जिसमें छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए।

उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण के तहत गुरुवार को 47 सीटों पर मतदान कराया गया था, जिसमें 54 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य की 243 सीटों के लिए छह चरणों में अब 24 और 28 अक्टूबर तथा 1, 9 और 20 नवंबर को मतदान होना है। सभी सीटों के लिए मतगणना 24 नवंबर को होगी।

1 टिप्पणी:

निर्मला कपिला ने कहा…

इस जानकारी के लिये धन्यवाद। रजनीश जी कैसे हैं आप और बेटा कैसा है? उसे मेरा आशीर्वाद दीजियेगा। शुभकामनायें।