मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर मैदान के अंदर जितने फिट हैं उतने ही बाहर हिट हैं। शनिवार की देर रात मुम्बई में आयोजित दूसरे सहारा इंडिया खेल पुरस्कार समारोह में क्रिकेट के इस "भगवान" को एक नहीं बल्कि दो-दो पुरस्कारों से नवाजा गया।तेंदुलकर को "वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर" और "आइकन ऑफ द मिलेनियम " पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद् (आईसीसी ) ने तेंदुलकर को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर का खिताब दिया था। इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार और पांच बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एम.सी. मैरीकाम को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरूष और महिला खिल़ाडी का पुरस्कार दिया गया।
नई दिल्ली में आयोजित 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में चार स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज गगन नारंग को खेलों का सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिल़ाडी के पुरस्कार से नवाजा गया। इस वर्ग में तीरंदाजी में स्वर्ण जीतने वाली दीपिका कुमारी को सर्वश्रेष्ठ महिला खिल़ाडी चुना गया। महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज को सहारा ने इस वर्ष की "सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर" चुना।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें