जांच होने तक मैं निर्दोष :- कलमाड़ी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 24 दिसंबर 2010

जांच होने तक मैं निर्दोष :- कलमाड़ी

सीबीआई के छापों के बाद सुरेश कलमाड़ी ने कहा है कि दोषी साबित होने तक वह निर्दोष हैं. कलमाड़ी के दिल्ली, मुंबई और पुणे के ठिकानों पर सीबीआई ने शुक्रवार को छापे मारे. जांच एजेंसी की खोजबीन करीब आठ घंटे तक चली.

सीबीआई ने कॉमनवेल्थ खेल आयोजन समिति और भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी के घर और दफ्तरों पर छापे मारे. मुंबई में उनके दफ्तर पर और पुणे में फॉर्महाउस पर भी सीबीआई के अधिकारी पहुंचे. दिल्ली में सीबीआई की छापेमारी करीब आठ घंटे तक चली. अधिकारियों ने कॉमनवेल्थ घोटाले के आरोपी कलमाड़ी का लैपटॉप, हार्ड डिस्क और कई दस्तावेज जब्त कर लिए.

छापों के बाद सुरेश कलमाड़ी ने सफाई दी और कहा, ''दोषी साबित न होने तक वह निर्दोष हूं.'' उन्होंने खुद को हर तरह की जांच के लिए तैयार भी बताया. कलमाड़ी ने फिर कहा कि उन्होंने खेलों और उसकी तैयारियों से जुड़ा कोई फैसला अकेले नहीं किया. यानी उन्होंने संकेत दिए कि अगर वह आरोपी हैं तो और भी आरोपी हैं.

इस बाबत सीबीआई कलमाड़ी के तीन प्रमुख सहयोगियों को गिरफ्तार कर चुकी है. शुक्रवार को जांच एजेंसी ने कलमाड़ी के सचिव मनोज भोरे के ठिकानों की भी तलाशी ली. सीबीआई का आरोप है कि कलमाड़ी जांच के काम में बाधा डाल रहे हैं. कलमाड़ी इससे इनकार करते हैं. वह कहते हैं कि जांच में सहयोग किया जा रहा है और कोई दस्तावेज भी गायब नहीं हुआ है.

भारत में इस साल अक्टूबर में कॉमनवेल्थ खेलों का आयोजन हुआ. खेलों के आयोजन में 70 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए. सात साल पहले खेलों के लिए 600 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया था. इसके बाद बजट 24,000 करोड़ रुपये का हुआ. खेल खत्म होने के बाद पता चला कि भ्रष्टाचार और लेट लतीफी के चलते आम आदमी के 70,000 करोड़ रुपये फूंक दिए गए.

भ्रष्टाचार के आरोप सिर्फ खेल आयोजन समिति और सुरेश कलमाड़ी पर ही नहीं लग रहे हैं. दिल्ली सरकार और उसके कई मंत्रियों और विभागों पर भी पैसा डकारने के आरोप हैं. कलमाड़ी खुद कह चुके हैं कि, ''शीला दीक्षित पहले विभागों के भ्रष्टाचार को देंखें, फिर मेरे ऊपर निशाना साधें.'' लेकिन हैरानी की बात है कि अभी तक दिल्ली की कांग्रेस सरकार के तक जांच की आंच नहीं पहुंची है.

कोई टिप्पणी नहीं: