गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज में गोलीबारी कि वारदात के बाद पाँच दिनों से चली आ रही राज्य के जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल अब समाप्त होने के आसार लग रहे हैं. राजद विधायक सुरेंद्र यादव ने आज अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस की गिरफ्त से बचते फ़िर रहे यादव ने गया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी आरएनएस पांडेय के समक्ष आज समर्पण कर दिया. वह अपने वकीलों के साथ अदालत आये. यादव के आत्मसमर्पण के बाद जूनियर डाक्टरों द्वारा बेमियादी हड़ताल समाप्त करने की संभावनाएं बढ़ गयी हैं. हालांकि राज्य के पांच में से दो मेडिकल कालेज अस्पताल के अधीक्षकों ने गुरुवार को ही भागलपुर में जेएलएनएमसीएच और मुजफ्फ़रपुर के एसकेएमसीएच में डाक्टरों की हड़ताल की समाप्ति की घोषणा कर दी थी.
नयी दिल्ली प्रवास से कल पटना लौटे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जूनियर डाक्टरों को काम पर लौटने को कहा था. नीतीश ने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अमरजीत सिन्हा को भी निर्देश दिया था कि राज्य में मेडिकल कालेज और अस्पतालों में मरीजों की समुचित देखभाल की व्यवस्था की जाए. उल्लेखनीय है कि बीते रविवार की रात गया में एएनएमसीएच में जूनियर डाक्टरों पर विधायक के दो अंगरक्षकों द्वारा गोलीबारी किए जाने के विरोध में राज्य के जूनियर डाक्टर हड़ताल पर चले गये थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें