
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनकी देवरानी मेनका गांधी के बीच संबंध अच्छे नहीं हैं. कहा जाता है कि दोनों में बोलचाल भी बंद है. इसलिए जब मेनका गांधी के बेटे वरुण अपनी ताई से मिलने पहुंचे तो लोगों को हैरत हुई.
वरुण गांधी की शादी होने वाली है. बुधवार को उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात की और अपनी शादी का न्योता दिया. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने वरुण गांधी उनके घर 10 जनपथ गए. सूत्रों ने बताया कि यह एक निजी मुलाकात थी और बातचीत का ब्योरा जाहिर नहीं किया गया है.
इस मुलाकात में दोनों ने करीब एक घंटा साथ बिताया और खाना खाया. वरुण की शादी अगले महीने की छह तारीख को होनी है. शादी वाराणसी में कांची पीठ के शंकराचार्य के मंदिर में हनुमान घाट पर होगी. उसके बाद दिल्ली और पीलीभीत में पार्टियां होंगी.
वरुण की मां मेनका गांधी ने काफी पहले एलान कर दिया था कि शादी में सोनिया गांधी और उनके परिवार को बुलाया जाएगा. हालांकि 1997 में सोनिया और राजीव गांधी की बेटी प्रियंका की शादी हुई थी तब मेनका गांधी उसमें शामिल नहीं हुई थीं. लेकिन वरुण गांधी उस शादी में शामिल हुए थे.
वरुण की होने वाली पत्नी यामिनी रॉय पेशे से ग्राफिक डिजाइनर हैं. पश्चिमी बंगाल की रहने वालीं यामिनी रॉय 30 के वरुण से एक साल बड़ी हैं. वह कोलकाता में पली बढ़ीं लेकिन अब दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी में रहती हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें