बढ़ती आमदनी के कारण बढ़ता दिल का रोग. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 9 फ़रवरी 2011

बढ़ती आमदनी के कारण बढ़ता दिल का रोग.

भारत और आस पास के देशों में हृदय रोग और मधुमेह के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिसकी वजह लोगों की बढ़ती आमदनी के कारण बदलती जीवनशैली है. वर्ल्ड बैंक ने अपनी रिपोर्ट में यह बात कही है. वर्ल्ड बैंक ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि दक्षिण एशिया में मधुमेह, हृदय रोग और मोटापा तेजी से बढ़ रहे हैं. रिपोर्ट में आठ देशों के नाम लिए गए हैं. इनमें भारत के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, अफगानिस्तान, भूटान और मालदीव शामिल हैं.

रिपोर्ट के अनुसार इन बीमारियों के बढ़ने की वजह वहां की बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है. जहां लोगों की आमदनी बढ़ी हैं, वहीं उनकी खाने पीने की आदतें बिगड़ी हैं. लोग यह नहीं समझ पा रहे हैं कि बदलती हुई जीवनशैली से उन्हें नुकसान पहुंच रहा है. इन देशों में स्वास्थ्य बीमा का चलन या फिर इसके लिए कोई कल्याणकारी योजना भी नहीं है. इसलिए लोगों को अपने इलाज का खर्च खुद ही उठाना पड़ता है.

दक्षिण एशिया में पहली बार दिल का दौरा पड़ने की औसत उम्र 53 वर्ष हो गई है. यह बाकी दुनिया के मुकाबले छह साल कम है. दक्षिण एशिया में 15 से 69 साल के बीच होने वाली सभी मौत का सबसे बड़ा कारण हृदय रोग ही है. इन देशों में बीमार लोगों में 55 फीसदी रोग हृदय रोग और मधुमेह जैसी बीमारियों से ही पीड़ित हैं. रिपोर्ट के सह-लेखक माइकल एंगलगाऊ ने बताया, "गरीब लोगों को इसकी मार सहनी पड़ती है. दिल के दौरे के बाद उन्हें पूरी जिंदगी इस बीमारी के साथ जीना पड़ता है और अपनी जमा पूंजी से इसका खर्चा उठाना पड़ता है. कई लोगों को तो इलाज के लिए अपनी संपत्ति भी बेचनी पड़ती हैं. इससे वे गरीबी के ऐसे जाल में फंस जाते हैं जहां ना तो वे दोबारा स्वस्थ हो सकते हैं और ना ही काम पर जा सकते हैं."

रिपोर्ट में पिछले साल भारत में प्रकाशित एक अन्य रिपोर्ट की भी बात की गई है जिसमें बताया गया था कि बीमार होने के बाद लोग 50 से 70 दिन तक काम पर नहीं जा पाते. रिपोर्ट में ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल से निपटने पर जोर देते हुए कहा गया है कि दक्षिण एशियाई देशों में तम्बाकू के सेवन को कम किया जाए और लोगों में अच्छी आदतें डाली जाएं. भारत में हर पांच में से एक पुरुष की मृत्यु तम्बाकू के सेवन की वजह से होती है.

1 टिप्पणी:

Daily Bread-Roz Ki Roti ने कहा…

बुजुर्गों की पुरानी कथनी है:
रुखी सुखी खाई के ठंडा पानी पिऊ; दो गुना श्रम, चौ गुना हंसी, वर्ष सवा सौ जिउ.

गांठ बांध लीजिए, बहुत काम की बात है
रोज की रोटी