रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर आईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आखिरी दिन शनिवार को संसदीय क्षेत्र के आम लोगों के लिए जब जनता दरबार लगाया तो उनके पास समस्याओं का अम्बार लग गया। रायबरेली स्थित भुएमऊ अतिथि गृह में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने आज सुबह अपने संसदीय क्षेत्र के आम लोगों से करीब तीन घंटे तक मुलाकात कर एक-एक करके उनकी मुश्किलें सुनीं।उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि लगभग एक हजार लोगों ने सांसद से मिलकर बिजली, पानी, सड़क, रोजगार, विकास सम्बंधी समस्याओं के अलावा केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गड़बड़ी की शिकायतें कीं। रायबरेली की सांसद ने बड़े ध्यान से सभी लोगों की समस्याएं सुनकर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
यहां से निकलने के बाद सोनिया ने राजकीय इंटर कालेज मैदान में लगने वाले स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वहां लगे विभिन्न स्टॉलों का मुआयना भी किया। प्रवक्ता के मुताबिक अभी कांग्रेस अध्यक्ष का शहर के निकट महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी संस्थान में पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन में शिरकत करने का कार्यक्रम है। शाम को वह अपना दो दिवसीय दौरा समाप्त करके लखनऊ होते हुए वापस दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक दौरा समाप्त करने से पहले सोनिया अपने संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से मिल सकती हैं
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें