भारत और पाकिस्तान संबंधों के बीच जमी बर्फ को पिघलाने और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वार्ता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने के लिए भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिव रविवार को थिम्पू में मुलाकात करेंगे। पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर और भारत की विदेश सचिव निरूपमा राव के बीच होने वाली इस मुलाकात को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि भारतीय पक्ष की तरफ से मुंबई हमले की जांच और सुनवाई में हुई प्रगति का मुद्दा उठाया जाएगा। हालांकि वार्ता की पूर्व संध्या पर पाकिस्तान ने समझौता एक्सप्रेस बम धमाके के मामले को मुंबई हमले की सुनवाई से जोड़ने की वकालत की लेकिन भारत ने इसे खारिज कर दिया।
पाकिस्तान ने समझौता एक्सप्रेस मामले की जांच में भारत की धीमी प्रक्रिया और मुंबई हमले की जांच के आरोपियों की जल्द से जल्द सुनवाई करने की मांग को ध्यान में रखते हुए कहा जो कहा जाता है और जो किया जाता है, इन दोनों के बीच की खाई को पाटने की जरूरत है। भारत ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि इन दोनों मामलों को एक ही तराजू पर नहीं तौला जा सकता है। मुंबई हमले में जहां सुराग बिल्कुल साफ हैं वहीं समझौता मामले में ऐसा नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें