राज ठाकरे की पार्टी मनसे ने बिग बी अमिताभ बच्चन को एक बार फिर निशाना बनाया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना चित्रपट कर्मचारी संगठन ने बिग बी की फिल्म ‘बुड्ढा’ की यूनाइटेड मिल्स में चल रही शूटिंग रुकवा दी।
मनसे उपाध्यक्ष डॉ. वागीश सारस्वत ने बताया कि पार्टी के सिने इकाई के अध्यक्ष अमेय खोपकर और दादर के विभाग अध्यक्ष संदिप देशपांडे को सूचना मिली थी कि अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘बुड्ढा’ के एक डांस सीन में कुछ विदेशी कलाकार बिना वर्क परमिट के काम कर रहे हैं। इसके बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन को सूचना देकर फिल्म की शूटिंग रुकवा दी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार करीब २७ विदेशी डांसरों के पास वर्क परमिट नहीं पाया गया है।
मनसे के सूत्रों का कहना है कि शूटिंग के वक्त बिग बी भी मौजूद थे, पर जैसे ही मनसे कार्यकर्ता शूटिंग स्थल पर पहुंचे वे जा चुके थे। इस संबंध में शिवाजी पार्क पुलिस से संपर्क करने पर उन्होंने जानकारी देने से आनाकानी की। उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव के वक्त राज ठाकरे ने अमिताभ बच्चन को निशाना बनाया था। अब जैसे-जैसे मुंबई मनपा का चुनाव करीब आ रहा है। मनसे कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर बिग बी और बॉलीवुड को टारगेट करना शुरू किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें