भारतीय नौसेना ने अरब सागर में चीनी वाणिज्यिक पोत पर सोमालियाई जलदस्युओं के हमले को विफल करते हुए चीन के 24 नागरिकों को बचा लिया है। चीन ने भारतीय नौसेना के इस अभियान के प्रति आभार जताया है।
नौसेना को गुरुवार सुबह चीनी अधिकारियों से आपात संदेश मिला था। इसके बाद नौसेना हरकत में आ गई। उसने अपने जहाजों और विमानों को अभियान पर निकलने के लिए तैयार किया। नौसेना प्रवक्ता ने बताया कि चीनी पोत एमवी फू चेंगे पनामा में पंजीकृत है। पोत जेद्दा से तूतीकोरिन जा रहा था। कर्नाटक के कारवाड़ तट से 450 समुद्री मील दूर इस पोत पर जलदस्युओं ने हमला किया।
चीनी अधिकारियों की ओर से भारत को सुबह करीब पौने नौ बजे आपात संदेश मिला। इसके फौरन बाद नौसेना ने क्षेत्र में जलदस्यु रोधी गश्त करने वाले अपने टीयू 142 विमान और तटरक्षक बल के पोत को हमला नाकाम करने का निर्देश दिया। तीस मिनट के भीतर टीयू 142 विमान ने पोत के ऊपर चक्कर काटने शुरू कर दिए। एक बड़े पोत और एक छोटी नौका में आए जलदस्यु तब तक चीनी पोत पर चढ़ चुके थे। जलदस्युओं को रेडियो से पोत को तुरंत छोड़ देने की चेतावनी दी गई। चेतावनी का प्रभाव हुआ और जलदस्यु छोटी नाव में सवार होकर अपने मूल पोत पर लौट गए। चीन ने भारतीय नौसेना की त्वरित और सतत कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया है। उसने कहा कि भारत की कार्रवाई की हम सराहना करते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें