सुरक्षा पर दस करोड़ डकार गया कसाब. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 24 मई 2011

सुरक्षा पर दस करोड़ डकार गया कसाब.

भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने आर्थर रोड जेल में बंद मुंबई हमलों के आरोपी पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल आमिर कसाब के सुरक्षा खर्च के रूप में महाराष्ट्र सरकार को 10 करोड़ रुपए का बिल भेजा है।

राज्य की प्रधान गृह सचिव मेधा गाडगिल ने बताया कि सरकार को आईटीबीपी का बिल प्राप्त हुआ है और महाराष्ट्र के अधिकारी इस संबंध में आईटीबीपी को पत्र लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम आईटीबीपी को लिख रहे हैं। हम स्पष्ट करेंगे कि मुंबई हमला सिर्फ महाराष्ट्र का मुद्दा नहीं है, बल्कि एक राष्ट्रीय मुद्दा है।
आईटीबीपी नई दिल्ली के महानिदेशक आरके भाटिया ने 28 मार्च 2009 से 30 सितंबर 2010 की अवधि के बीच कसाब की सुरक्षा पर खर्च के लिए महाराष्ट्र सरकार से 10.87 करोड़ रुपए का भुगतान करने को कहा है।

गृह विभाग के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कसाब और उसके सहयोगियों ने जो कुछ किया वह न सिर्फ मुंबई पर, बल्कि भारत पर हमला है। राज्य सरकार से सुरक्षा खर्च वहन करने के लिए कहना उचित नहीं है।
जेल परिसर में स्थापित विशेष सत्र न्यायालय में मुंबई हमला मामले की सुनवाई के दौरान आईटीबीपी तैनात की गई थी। पिछले साल गृह विभाग ने आईटीबीपी की तैनाती की अवधि बढ़ाए जाने का आग्रह किया था। अत्याधुनिक हथियारों और संचार उपकरणों से लैस आईटीबीपी के करीब 200 कमांडो 24 घंटे कसाब की सुरक्षा में तैनात हैं। अधिकारी ने कहा कि आईटीबीपी की टीम मुकदमे की अवधि के लिए तैनात की गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर इसकी तैनाती अवधि बढ़ाए जाने का आग्रह किया।

कोई टिप्पणी नहीं: