विश्व क्रिकेट के दो भगवान की अंतिम भिडंत. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 20 मई 2011

विश्व क्रिकेट के दो भगवान की अंतिम भिडंत.

विश्व क्रिकेट के दो भगवान सचिन तेंदुलकर और शेन वार्न प्रतिस्पर्धी क्रिकेट मुकाबले में शुक्रवार को अंतिम बार एक-दूसरे के सामने होंगे। इस दिन सचिन की मुम्बई इंडियन्स टीम और वार्न की राजस्थान रॉयल्स टीम आईपीएल के इस सत्र के लीग मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम में भिड़ेंगी। डेक्कन चार्जर्स और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मिली लगातार दो पराजयों ने बेशक मुम्बई इंडियन्स के विजय अभियान को रोक दिया, लेकिन अब यह टीम जीत की पटरी पर लौटने और प्लेऑफ में जगह बनाने के इरादे से वार्न की टीम से भिड़ेगी। मुम्बई की टीम तालिका में तीसरे क्रम पर है। उसके खाते में 16 अंक हैं। ये अंक उसने 10वें मुकाबले के बाद ही जुटा लिए थे, लेकिन 12 मुकाबले बीत जाने के बावजूद उसके अब भी 16 अंक ही हैं।

लगातार दो मैचों में उसकी हार ने प्लेऑफ में पहुंचने के उसके सपने पर बेशक ब्रेक लगा दिया, लेकिन इस मुकाम को हासिल करने के लिए उसके पास अभी भी दो मैच हैं। आईपीएल में अपना आखिरी मैच खेलने जा रही राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न से भिड़ने के बाद सचिन तेंदुलकर की टीम 22 मई को अपने आखिरी लीग मुकाबले में गौतम गम्भीर की कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के साथ दो-दो हाथ करेगी। वैसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत उसे प्लेऑफ में पहुंचा देगी, लेकिन सचिन की टीम का लक्ष्य नाइट राइडर्स को हराकर तालिका में अपनी स्थिति को मजबूत करना होगा। किंग्स इलेवन और डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ सचिन की टीम की जिस तरह हार हुई थी, उसे देखते हुए यह दावे के साथ कहना ठीक नहीं होगा कि वार्न की टीम के खिलाफ उसकी जीत तय ही है। वार्न अपना आखिरी आईपीएल मैच खेलेंगे और उनके साथी उन्हें जीत का तोहफा देने के लिए पूरा दमखम लगा देंगे।

वार्न की टीम ने अब तक खेले गए 13 मैचों से 11 अंक जुटाए हैं और पिछले चार मुकाबलों से उसे लगातार हार झेलनी पड़ रही है। वार्न की टीम के पास पाने को कुछ नहीं है, लेकिन 2008 के विजेता के तौर पर अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए वह सचिन की टीम को हर हाल में हराना चाहेगी। और फिर वार्न यह मैच इसलिए भी जीतना चाहेंगे, क्योंकि प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी सचिन के साथ मैदान पर आखिरी बार भिड़ंत होगी।

कोई टिप्पणी नहीं: