पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने ओसामा बिन लादेन का ठिकाना बताने वाले सीआईए के 5 एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है। अमेरिकी अखबार न्यू यॉर्क टाइम्स के मुताबिक अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के गिरफ्तार एजेंटों में से एक पाकिस्तानी सेना का मेजर भी है। मेजर काफी प्रभावशाली माना जाता है। उसने लादेन के ऐबटाबाद के ठिकाने में एंट्री पाने वाली गाड़ियों और ओसामा की अपनी गाड़ियों के नंबर और दूसरी जानकारियां अमेरिका को दी थीं। n
पाकिस्तान में गिरफ्तार सीआईए एजेंटों के साथ क्या सलूक किया जा रहा है, इस बारे में अभी कुछ पता नहीं है। लेकिन अमेरिका ने इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज करा दिया है। सीआईए के डायरेक्टर लियोन ई. पनेटा ने हाल के पाकिस्तान दौरे के दौरान सेना और आईएसआई से इस मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने पाकिस्तानी सेना और आतंकवादियों के संबंधों के ठोस सबूत भी पेश किए।
एजेंट की गिरफ्तारी पर ‘ द न्यू यॉर्क टाइम्स ’ ने लिखा है, ' उन लोगों पर तो कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिन्होंने ओसामा बिन लादेन को शरण देने और छिपाने में मदद की थी। लेकिन जिन लोगों ने उसे मारने में मदद की, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। ' पेंटागन के एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे यह पता चलता कि पाकिस्तानी सेना के सीनियर अधिकारियों को या आईएसआई को ऐबटाबाद में लादेन के सुरक्षित छिपे होने की जानकारी थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस बात के प्रमाण मिले हैं कि लादेन ऐबटाबाद में पांच साल से रह रहा था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें