बीसीसीआई को शक है कि श्रीलंकाई प्रीमियर लीग (एसएलपीएल) को खड़ा करने के पीछे आईपीएल के बर्खास्त चेयरमैन ललित मोदी का हाथ है। शायद इसी वजह से बोर्ड ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को इस लीग में खेलने की इजाजत नहीं दी है।
मीडिया में बीसीसीआई के सूत्रों के हवाले से आ रही खबर के मुताबिक श्रीलंकाई प्रीमियर लीग टूर्नामेंट के आयोजन का ठेका सिंगापुर की कंपनी समरसेट इंटरटेनमेंट वेन्चर्स प्राइवेट लिमिटेड (एसईवी) को दिया गया है और इस कंपनी का ललित मोदी के साथ संबंध है।
सूत्रों ने दावा किया कि श्रीलंकाई लीग के पीछे मोदी का हाथ है। आईपीएल के चेयरमैन पद से हटाए गए मोदी के कई करीबी समरसेट के जरिए एसपीएल का कामकाज देख रहे हैं। बीसीसीआई सूत्रों का कहना है कि भारतीय क्रिकेटरों को इस टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत दी गई थी क्योंकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कहा था कि यह आयोजन पूरी तरह से उसका है। लेकिन बीसीसीआई को जैसे ही पता चला इस आयोजन के पीछे मोदी से जुड़ी कंपनी भी है, तो उसने खिलाड़ियों के खेलने पर रोक लगा दी।
श्रीलंकाई बोर्ड बीसीसीआई से इस फैसले से एक ओर जहां हैरान है वहीं टीम इंडिया के खिलाडियों को खेलने की इजाजत नहीं दिए जाने से उसे धक्का भी लगा है। श्रीलंकाई बोर्ड इस मुद्दे को बीसीसीआई के सामने रखने की तैयारी में है जिससे भारतीय खिलाडियों को एसएलपीएल में खेलने के लिए बीसीसीआई को राजी किया जा सके। मोदी ने श्रीलंकाई लीग से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। उन्होंने इस लीग में भारतीय खिलाडियों को हिस्सा लेने की इजाजत नहीं दिए जाने पर बोर्ड की आलोचना की है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई के इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है कि सिंगापुर की निजी कंपनी समरसेट वेंचर्स के पास श्रीलंका प्रीमियर लीग (एसएलपीएल) के आयोजन का पूरा अधिकार है और श्रीलंका बोर्ड का इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं है। श्रीलंका क्रिकेट ने बीसीसीआई को भरोसा दिलाया है कि एलएलपीएल पर पूरी तरह उनका अधिकार है और समरसेट को केवल मार्केटिंग के अधिकार दिए गए हैं। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के सचिव निशांत रणतुंगा ने कहा कि समरसेट ने मार्केटिंग के अधिकार भी टेंडर के माध्यम से हासिल किए हैं। इस कंपनी को केवल वही अधिकार दिए गए हैं, जो आईपीएल के दौरान आईएमजी को दिए गए थे। उन्होंने साफ किया कि इस लीग में सभी टीमें भी श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अधिकार में हैं, जबकि आईपीएल में टीमें निजी कंपनियों के पास थीं। कौन खिलाड़ी, किस टीम में खेलेगा यह भी श्रीलंका बोर्ड ही तय करेगा। श्रीलंका प्रीमियर लीग 19 जुलाई से 4 अगस्त के बीच कोलंबो में खेला जाना है। इसमें क्रिस गेल, पोलार्ड, शाहिद अफरीदी, डेनियल वेट्टोरी, केविन ओब्रायन और हर्शेल गिब्स के भी खेलने की संभावना है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें