मुम्बई हमले मामले में डेविड कोलमैन हेडली के साथ सह आरोपी तहाव्वुर हुसैन राणा की अदालती सुनवाई में निर्णय समय से पहले ही आ सकता है क्योंकि शिकागो के इस व्यापारी के अपनी ही सुनवाई में गवाही देने की संभावना नहीं है. राणा के वकील पैट्रिक ब्लेगान ने कहा कि बचाव टीम अब भी अपने अंतिम निर्णय पर सोच-विचार कर रही है लेकिन इस बात की संभावना नहीं है कि राणा गवाही देगा.
मुम्बई हमला मामले में शिकागो की अदालत में पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक हेडली से पांच दिनों में अभियोजन एवं बचाव पक्ष के जिरह के पूरा होने के बाद मामले की सुनवाई तेजी से बढ़ी है. अभियोजन पक्ष के वकीलों ने आज अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई के पांच एजेंटों समेत सात गवाहों को बुलाया. इन एजेंटों ने राणा, हेडली एव आईएसआई अधिकारी समझे जाने वाले मेजर इकबाल के बीच ई-मेल, फोन पर बातचीत का सत्यापन किया था.
अदालत को बताया गया कि राणा आईएसआई के इकबाल के साथ ई-मेल के माध्यम से संवाद करता था.
अभियोजन पक्ष वकील सारा स्ट्रीकर ने अदालत को बताया कि मेजर इकबाल ने अपने दूसरे नाम चौधरी खान के ''चौधरीखानऐटयाहूडॉटकॉम" ईमेल आईडी से ईमेल भेजा था जिसमें उसने भावी संपर्क के लिए अपना मोबाइल नंबर भेजा था.
'तहाव्वुरऐटयाहूडॉटकॉम" से दूसरे ईमेल में राणा ने हेडली के लिए आठ दिसंबर, 2008 के लिए न्यूयार्क से शिकागो की यात्रा के वास्ते फ्लाइट बुक करायी थी. इस यात्रा के दौरान उसे अटलांटा में ठहरना था. अमेरिकी ड्रिस्ट्रीक्ट अदालत के न्यायाधीश हैरी डी लीनेनवेबर ने कहा कि दोनों पक्षों में कई बातों पर सहमति बनने के कारण मामले की सुनवाई आंशिक रूप से तेजी से बढ़ी. न्यायाधीश लीनेनवेबर ने मामले की सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित करते हुए कहा, ''हम मामले के समापन के करीब हैं."
सोमवार को अंतिम गवाहों को पेश किया जाएगा जिसमें खुद राणा भी होगा. मंगलवार को अंतिम बहस होगी. उसके बाद न्यायाधीश बुधवार को फैसला सुनाएंगे कि राणा दोषी है या नहीं. सुनवाई के प्रारंभ में लीनेनवेबर ने संकेत दिया था कि सुनवाई संभवत: 15 जून तक समाप्त हो जाएगी. राणा पर हमले की साजिश रचने, लश्कर को बम हमले करने के लिए सामग्री उपलब्ध कराने और हेडली को मुम्बई में निशानों को सर्वेक्षण करने को लेकर पिछले साल 15 फरवरी को 12 मामलों में आरोपी बनाया गया था. पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक राणा का कहना है कि हेडली ने उसे धोखा दिया. हेडली ने मुम्बई हमले मामले में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें