अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की एकदिवसीय रैंकिंग में भारत के बल्लेबाज विराट कोहली सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के साथ हुई पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया था। भारत ने यह श्रृंखला 3-2 से जीती।
कोहली के अलावा महेंद्र सिंह धौनी एकदिवसीय रैंकिंग में टॉप 10 स्थानों में जगह बनाने में सफल रहे हैं। भारत और वेस्टइंडीज टीम के कई युवा खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन के दम पर अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। एकदिवसीय श्रृंखला में 257 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब हासिल करने वाले रोहित शर्मा 32 स्थानों की छलांग लगाते हुए 49वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसी तरह श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहे वेस्टइंडीज के कप्तान रामनरेश सरवन छह स्थानों की छलांग लगाते हुए 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजों में अमित मिश्रा को 11 विकेट हासिल करने का इनाम मिला और वह 108 स्थानों की छलांग लगाते हुए 65वें स्थान पर पहुंच गए। इसी तरह आठ विकेट हासिल करने वाले आंद्रे रसेल 85 स्थानों की छलांग लगाते हुए 127वें स्थान पर पहुंचे। हरभजन सिंह छह स्थान की छलांग के साथ 11वें स्थान पर जबकि प्रवीण कुमार और मुनाफ पटेल चार स्थानों की छलांग लगाकर क्रमश: 25वें और 27वें स्थान पर पहुंच गए। भारत ने टीम रैंकिंग में अपना दूसरा स्थान बरकरार रखा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें