पटना के गांधी मैदान में सोमवार शाम को हुई बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) के 26 वर्षीय छात्र विद्याशंकर की मौत का कारण अभी तक पता नहीं चला है. पुलिस ने घटना के समय मौजूद कथित प्रेमिका सहित तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विद्याशंकर बेंगलुरू में पढ़ता था और वह छुट्टी में घर खगौल आया था. मृतक को अपने ही घर के पास रहने वाली अर्चना से प्यार हो गया था और उसने मिलने के लिए उसे गांधी मैदान बुलाया था.
पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक दो बातें सामने आई है. पहली यह कि युवक को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद अर्चना ने अपनी दो कथित बहनों के साथ मिलकर उसके पेट में चाकू घोंप दिया और दूसरी यह कि विद्याशंकर ने खुद जहरीला पदार्थ खाकर चाकू घोंप कर आत्महत्या कर ली. इधर, अर्चना का कहना है कि मृतक को वह पहचानती थी. अर्चना की मानें तो वह उससे एक तरफा प्यार करता था और फोन कर उसे परेशान किया करता था.
बकौल अर्चना विद्याशंकर ने उसे फोन कर कहा कि वह उससे मिलना चाहता है. यह अंतिम मुलाकात होगी उसके बाद वह तंग नहीं करेगा. इसके बाद उसने मुलाकात के दौरान ही गाली-गलौज शुरू कर दी. विद्याशंकर ने कहा कि मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकता और फिर खुद को चाकू मार लिया. पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने मंगलवार को बताया कि युवक का अर्चना से प्रेम सम्बंध था लेकिन हाल के दिनों में दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी.
अर्चना तथा घटना के समय मौजूद उसकी दो कथित बहनों डॉली और रीत को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पूरी जांच के बाद ही मामला स्प्ष्ट हो पाएगा. उल्लेखनीय है कि विद्याशंकर को घायलावस्था में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया था जहां उसकी मौत हो गई थी. इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना के समय मौजूद तीनों महिलाओं को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें