फिल्मकार प्रकाश झा की आने वाली फिल्म 'आरक्षण' के प्रचार के लिए लखनऊ में एक कार्यक्रम आयोजित होना था लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने अंतिम समय में इस कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति रद्द कर दी। इस वजह से झा काफी परेशान और हतप्रभ हैं। उनका कहना है कि यदि लोगों को उनकी फिल्म से कोई परेशानी है तो उन्हें इस पर उनसे सीधे चर्चा करनी चाहिए।
प्रकाश झा ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है, "मैं हतप्रभ हूं कि कार्यक्रम के लिए दी गई इजाजत अंतिम समय में रद्द कर दी गई। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि लोगों को मेरी फिल्म से किस तरह की परेशानी है। किसी ने फिल्म नहीं देखी है और यदि इसके बाद भी उन्हें फिल्म के प्रचार दृश्यों को लेकर कोई परेशानी है तो वे ये बात मेरे सामने क्यों नहीं उठाते।"
लखनऊ में बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में फिल्म के विषय पर चर्चा होनी थी। 'आरक्षण' भारतीय समाज में जाति आधारित आरक्षण पर बनी फिल्म है। इस कार्यक्रम में झा के साथ फिल्म के कलाकार अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण, मनोज बाजपेयी और प्रतीक बब्बर भी शामिल होने वाले थे। अंतिम समय में प्रशासन ने इस कार्यक्रम से शांति भंग होने की आशंका में इसे रद्द कर दिया।
प्रकाश झा ने कहा, "मेरी टीम पिछले महीने से ही लखनऊ के इस कार्यक्रम की तैयारी कर रही थी और हमने सभी अधिकारियों से इसके लिए मंजूरी ले ली थी। फिर भी अंतिम समय में बिना कोई वजह बताए इसकी अनुमति वापस ले लेना चौंकाने वाला है।" अमिताभ ने भी इस पर आश्चर्य व्यक्त किया है। उनका कहना है, "कानून-व्यवस्था में व्यवधान के डर से हमें शहर में आने से रोकना हतप्रभ करने वाला है जबकि फिल्म प्रमाणन बोर्ड इसके प्रदर्शन के लिए पहले ही प्रमाणपत्र दे चुका है।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें