भारत प्रशासित कश्मीर के पुलवामा ज़िले में चरमपंथियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ चल रही है. सेना के मुताबिक़ मुठभेड़ गुरूवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे शुरू हुई. पुलिस के अनुसार राजधानी श्रीनगर से लगभग 40 किलोमीटर दूर पुलवामा ज़िले के पुचाल गांव में मुठभेड़ हो रही है. उन्हें बुधवार की शाम एक ख़ुफ़िया ख़बर मिली थी कि पुलवामा के निवासी अब्दुल अज़ीज़ डर के घर पर कुछ चरमपंथी छुपे हुए हैं. ख़बर मिलते ही सेना और राज्य पुलिस ने मिलकर पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर ली थी.
सूत्रों के अनुसार एक स्थानीय चरमपंथी शकूर तेली उसी घर में छुपा हुआ है और जब सेना ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने गोली चला दी. सेना के अनुसार उन्होंने ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ़ से गोलीबारी होने लगी. सेना ने बताया कि मुठभेड़ अब भी जारी है. हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है, लेकिन उस मकान के एक हिस्से को भारी क्षति पहुंची है. स्थानीय लोगों ने सड़कों पर आकर पुलिस और सेना के ज़रिए पूरे इलाक़े की घेराबंदी का विरोध किया जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठी चार्ज किया

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें