अन्ना हजारे को बुधवार शाम गुड़गांव के एक अस्पताल से चार दिन बाद छुट्टी दे दी गई। बीते रविवार अपना 12 दिन का अनशन तोड़ने के बाद से हजारे इस अस्पताल में भर्ती थे। गांधीवादी कार्यकर्ता बुधवार रात ही पुणे के लिए रवाना हो गए जहां से वह अपने पैतृक गांव रालेगण सिद्धी जाएंगे।
गुड़गांव के मेदांता मेडीसिटी अस्पताल में 74 वर्षीय हजारे की देखरेख कर रहे डॉ़ यतिन मेहता ने बताया, हां, उन्हें छुट्टी दे दी गई है। हजारे ने लोकपाल के मुद्दे पर 12 दिन चला अपना अनशन तोड़ने के बाद आज ही पहली बार ठोस आहार लिया था। इससे पहले, अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अध्यक्ष डा नरेश त्रेहान ने बताया कि हजारे की सेहत अब लगभग सामान्य है। उन्होंने कहा कि हजारे ने दाल-रोटी और खिचड़ी का सेवन शुरू कर दिया है। हजारे अपने पैतृक गांव में ऐसे दिन वापसी करेंगे जब वहां गणेश चतुर्थी के मौके पर गणेशोत्सव की शुरुआत होगी।
त्रेहान ने कहा कि हजारे का रक्तचाप 140-90 है जो सामान्य है। उनकी हृदय गति भी प्रति मिनट 80 है। बीते 24 घंटे में हज़ारे का वजन भी 400 ग्राम बढ़ा है। अब उनका वजन 67 किलोग्राम है। मूत्र में अब केटोन की मात्रा भी सामान्य स्तर पर है। हज़ारे का जिगर और गुर्दे ठीक तरह काम कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें