
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इलाज के बाद आज तड़के दिल्ली पहुंचीं। कांग्रेस महासचिव और मीडिया विभाग के प्रमुख जनार्दन द्विवेदी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि श्रीमती गांधी अब स्वस्थ हैं। चौंसठ वर्षीया श्रीमती गांधी का गत चार अगस्त को अमेरिका में सफल ऑप्रेशन हुआ था। लेकिन अब तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि उन्हें क्या बीमारी थी और उनका इलाज कहां हुआ है।
ऑपरेशन के समय श्रीमती गांधी के पुत्र और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी तथा उनकी पुत्री प्रियंका वढेरा उनके साथ मौजूद थे। सोनिया लगभग चार हफ्ते बाद लौटी हैं। सोनिया गांधी के लौटते ही अब अटकलें लग रही हैं कि कांग्रेस में उठे आपसी मनमुटाव दूर होंगे। सूत्रों के मुताबिक अमेरिका में सोनिया गांधी की सर्जरी हुई। इसके बाद उनके स्वास्थ्य में हो रही प्रगति से चिकित्सक संतुष्ट थे। अगस्त के आखिर में चिकित्सक ने स्वास्थ्य का सम्पूर्ण जायजा लिया और इसके बाद उनके लौटने की तिथि तय की गई। सर्जरी के बाद सोनिया अमेरिका के एक अस्पताल में दो से तीन सप्ताह तक स्वास्थ्य लाभ कर रही थीं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें