
बिहार राज्य मंत्रिमंडल ने पूरे प्रदेश में कुल 40 महिला थाना खोले जाने को गुरुवार को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मंत्रिमंडल सचिवालय समन्वय विभाग के प्रधान सचिव रविकांत ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने प्रदेश भर में 40 महिला थाना खोले जाने को अपनी मंजूरी
दी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में एक भी महिला थाना नहीं है और ये 40 महिला थाने प्रदेश के 38 राजस्व जिलों और दो पुलिस जिला बगहा और नौगछिया में खोले जाएंगे। रविकांत ने कहा कि इन महिला थानों के लिए 647 नियुक्ति को भी राज्य सरकार ने अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है जिसमें पुलिस इंस्पेक्टर के 21 पद, एएसआई के 121, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के 101, हवलदार के 80 और सिपाही के 324 पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन महिला थानों की स्थापना पर कुल 25 करोड़ 44 लाख रूपये का खर्च आएगा और इन थानों में सृजित पदों पर यथासंभव महिला कर्मचारी और पदाधिकारी ही नियुक्त होंगी। देश में वर्ष 2011 में हुए जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार की आबादी 10 करोड़ 38 लाख 4837 है जिसमें से महिला आबादी चार करोड 96 लाख 19 हजार 290 है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें