मदेरणा चुपचाप घर चले गए. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 19 नवंबर 2011

मदेरणा चुपचाप घर चले गए.


सीने मे दर्द की शिकायत के बाद 12 नवम्बर से यहां एमडीएम अस्पताल की आईसीयू में भर्ती महिपाल मदेरणा शुक्रवार रात चुपचाप घर चले गए. डिस्चार्ज किए बिना मदेरणा के रवाना होने से अस्पताल प्रशासन में हड़कम्प मच गया. पूछने पर प्रशासन ने पहले कहा कि उन्हें डिस्चार्ज नहीं किया गया. फिर रात में आनन-फानन में डिस्चार्ज कागज तैयार किए.

मदेरणा को उनकी बेटी दिव्या व्हील चेयर पर बिठाकर अस्पताल से बाहर लाई, जहां कुछ परिजन व समर्थक वाहन लिए खड़े थे. महिपाल एक गाड़ी में आगे सीट पर बैठे और चले गए. अन्य वाहन उनके पीछे गए. 

वरिष्ठ चिकित्साधिकारी आईसीयू पहुंचे, तब तक मदेरणा दो किमी दूर अपने सरकारी आवास में घुस चुके थे. मदेरणा को शाम तक हल्के बुखार व घबराहट की शिकायत थी. उल्लेखनीय है कि मदेरणा को डॉक्टरों ने स्वस्थ बताया था. इसके बावजूद वे हर रोज कोई न कोई बीमारी की शिकायत कर रहे थे. इस पर जोधपुर के चिकित्सकों की टीम की जांच रिपोर्ट पर दिल्ली के एम्स से टिप्पणी मांगी गई. वहां से रिपोर्ट आने से पूर्व ही मदेरणा घर रवाना हो गए. मदेरणा आईसीयू में भर्ती होने से एक दिन पूर्व ही सीबीआई को अपने अस्वस्थ होने का प्रमाण पत्र भेजकर पूछताछ के लिए आने से इनकार कर गए थे. इससे पूर्व उनसे पूछताछ चल रही थी.

भंवरी मामले में सीबीआई की दो दिन की पूछताछ के बाद सीने में दर्द की शिकायत लेकर वे पिछले शनिवार को इस अस्पताल में भर्ती हुए थे. सीबीआई उनसे फिर पूछताछ करना चाहती थी, लेकिन अस्पताल में भर्ती होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो पा रहा था. भंवरी मामले में आरोपी मदेरणा की हेल्थ रिपोर्ट पर दिल्ली के एम्स ने कह दिया है कि वे बिल्कुल ठीक हैं.

एएनएम भंवरी मामले में फंसे पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा की मुश्किलें बढ़ने वाली है. बताया जा रहा है कि एम्स की रिपोर्ट में मदेरणा को फिट करार दिया गया है. हालांकि न तो एम्स प्रशासन और सीबीआई ने इसकी पुष्टि की है. एम्स की रिपोर्ट के बाद सीबीआई मदेरणा से एक बार फिर पूछताछ करेगी.

भंवरी के पति अमरचंद की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर 24 नवंबर को सुनवाई है. सीबीआई को 24 नवंबर को प्रगति रिपोर्ट पेश करनी है. पिछली सुनवाई के दौरान जांच को लेकर सीबीआई को कड़ी फटकार लगाई थी. सीबीआई से जांच में तेजी लाने को कहा गया था. मदेरणा को सीने में दर्द के चलते मथुरादास माथुर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था. सीबीआई के अनुरोध पर मेडिकल बोर्ड ने मदेरणा की जांच की थी. बोर्ड से मदेरणा के स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट देने को कहा गया था. यही रिपोर्ट एम्स भेजी गई थी.

कोई टिप्पणी नहीं: