दिल्ली के रामलीला मैदान में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि 60 साल में इतना समर्थन उन्हें कभी नहीं मिला. आडवाणी ने कहा कि वह पहली बार अटल बिहारी वाजपेयी जी की कमी को महसूस कर रहे हैं क्योंकि इस यात्रा में उनका साथ नहीं मिला.
दिल्ली में स्वागत से अभिभूत बीजेपी नेता ने कहा कि पिछली यात्राओं से यह अलग है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में ऐसी सभा नहीं देखी.
भ्रष्टाचार के मु्द्दे पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की साख मिट्टी में मिल गई है. आडवाणी ने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी. बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि देश पर भ्रष्टाचार का कोहरा छाया हुआ है और यह जनचेतना से ही दूर होगा. उन्होंने यह भी कहा कि देश को एक सख्त लोकपाल की जरूरत है. लेकिन सरकार भ्रष्टाचार रोकने में अभी तक नाकाम रही है.
सरकार ने कालेधन पर ठोस कार्रवाई नहीं की है. लोक भ्रष्टाचार, कालेधन और महंगाई से परेशान हैं. वह सत्ता में बदलाव चाहते हैं. लालकृष्ण आडवाणी 40 दिन की अपनी जनचेतना यात्रा के अंतिम दौर में राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचे. आडवाणी के साथ पार्टी नेता सुषमा स्वराज और अरुण जेटली के अलावा राजग के संयोजक शरद यादव, आरपीआई नेता रामदास अठावले, अन्नाद्रमुक नेता एम थांबिदुरई, शिवसेना के अनंत गीते और अकाली दल नेता मंजीत सिंह भी पहुंचे.
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की जनचेतना यात्रा का समापन आज है. जन चेतना यात्रा 11 अक्टूबर को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मस्थली बिहार के सिताबदियारा से शुरू हुई थी.
यह यात्रा 22 राज्यों और पांच केंद्र शासित प्रदेशों का भ्रमण कर रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी पहुंची.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें