महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके में दौरा और सभा करने गए अरविंद केजरीवाल को नागपुर में 'घंटा नाग' संगठन के लोगों ने काले झंडे दिखाए गए। इस संगठन के लोगों ने केजरीवाल को ‘आरएसएस का मुखौटा’ और ‘भाजपा का दलाल’ तक कह दिया। इस दौरान झंडे दिखाने वाले संगठन के लोगों और केजरीवाल समर्थकों के बीच झड़प भी हुई।
केजरीवाल के समर्थकों ने झंडा दिखाने वाले लोगों की पिटाई की। गौरतलब है कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर गए केजरीवाल पर लखनऊ में एक युवक ने चप्पल फेंका था।
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने टीम अन्ना पर फिर हमला बोला है। दिग्विजय ने ट्विटर के जरिये कहा कि टीम अन्ना के सदस्य अन्ना हजारे का इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस महासचिव के नाम से बने ट्विटर अकाउंट के मुताबिक, 'अन्ना के ब्लॉगर राजू पारुलेकर को अब इस बात का अहसास हो गया है कि किस तरह कुछ स्मार्ट लोग अन्ना का शोषण कर रहे हैं। मैं भी यह बात कहते आया हूं।’
अन्ना ने अपने ब्लॉगर राजू पारुलेकर की ओर से अपने साथियों पर लगाए गए आरोपों के बाद अन्ना हजारे ने मौजूदा ब्लॉग बंद करने और अपना अलग ब्लॉग शुरू करने का ऐलान किया है। राजू ने एक चिट्ठी सार्वजनिक की जिसमें कहा गया है कि वह अपनी कोर कमेटी भंग कर नई कमेटी बनाना चाहते हैं। हालांकि अन्ना ने इससे इनकार किया।
टीम अन्ना और सरकार के बीच जारी ‘जंग’ में नया मोड़ आ गया है। अन्ना हजारे ने कहा है कि कुछ हफ्तों से उनकी टीम के सदस्यों के फोन टेप किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि अन्ना के करीबी अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि सरकारी एजेंसियां अन्ना हजारे और उनके सहयोगियों के फोन टेप कर रही हैं। इस पर अन्ना ने सरकार को चुनौती दी है कि उनका और उनके साथियों का फोन टेप किया जा रहा है तो किया जाए क्योंकि उनकी टीम के पास ऐसा कुछ भी नहीं है जिसे छुपाया जा रहा है।
अन्ना ने कहा, 'मुझे पता है कि हमारे फोन टेप किए जा रहे हैं लेकिन हम कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं। यदि वे हमारे फोन टेप करना चाहते हैं तो करें, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।' गांधीवादी कार्यकर्ता ने फिर से आरोप लगाया कि सरकार जन लोकपाल बिल को टुकड़ों में बांटने की कोशिश में है। भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए अन्ना ने फिर से चेतावनी दी कि सरकार ने यदि शीतकालीन सत्र में मजबूत लोकपाल बिल पारित नहीं किया तो वह अनशन पर बैठेंगे।
अन्ना की टीम के सदस्यों ने गृह मंत्रालय से पूछा है कि क्या उनके फोन टेप किए जाने के लिए मंत्रालय ने किसी एजेंसी को इजाजत दी है? टीम अन्ना की सदस्य किरण बेदी ने दावा किया कि अगस्त में रामलीला मैदान में अनशन से पहले अन्ना के राजघाट दौरे जैसी अहम सूचनाएं फोन टैपिंग के जरिये लीक हो गई थीं।
किरण बेदी ने कहा, ‘हमें कई दिनों से परेशान किया जा रहा है और वो हमारे सदस्यों को बदलने की कोशिश में हैं। मैं कह सकती हूं कि वो न सिर्फ हमारे फोन टेप कर रहे हैं बल्कि हमारे आने-जाने पर भी नजर रखी जा रही है। इसके लिए क्या कानूनी रास्ता होगा, हम इस पर विचार कर रहे हैं लेकिन फिलहाल हम लोकपाल बिल का इंतजार कर रहे हैं।’

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें