अन्ना हजारे की टीम को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा है। अन्ना हजारे ने अपनी नई कोर कमेटी गठन करने का फैसला किया है। उनका कहना है कि कोर कमेटी की नई टीम में सभी समुदाय, धर्म, आदिवासियों, दलितों और युवाओं को शामिल किया जाएगा। जिनकी भागीदारी से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को और मजबूत किया जा सके। टीम के प्रमुख सदस्यों को निशाना बनाने पर संप्रग सरकार को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि जो लोग लोकपाल आंदोलन से डरते है वही उनके समर्थको एवं निकट सहयोगियों पर हमले कर रहे हैं।
अन्ना ने कहा कि उनकी टीम को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। अपने पैतृक गांव में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए हजारे ने कहा उन्हें डर है कि अगर एक मजबूत लोकपाल विधेयक लागू हुआ तो उनका राजनीतिक करियर खतरे में पड़ जाएगा। हजारे का अपनी कोर कमेटी का पुनगर्ठन करने का विचार ऐसे समय में आया है, जब उनकी टीम पर अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए अन्ना को गुमराह करने और उनका इस्तेमाल करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों का सामना कर रहे हैं।
अन्ना ने कहा हम कोर कमेटी में सभी वर्गों में दलितों, मुसलमानों, आदिवासियों और अन्य सभी को लेंगे। किसी को यह शिकायत नहीं होनी चाहिए कि उन्हें मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा युवकों को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। कमेटी में युवा शक्ति का होना बहुत जरूरी है। कमेटी के लिए विभिन्न समुदाय के युवकों को लिया जाएगा। हजारे ने कहा कि वह और उनकी टीम किसी के सामने झुकने वाले नहीं। उन्होंने सरकार को ललकारा कि वह उनकी टीम के सदस्यों पर लगाए गए अनियमितताओं के आरोपों के समर्थन में कोई सुबूत दे।

1 टिप्पणी:
anna ko nai team ka choonav abhi nahi karna chahiye .abhi jo team kaam kar rahi hai unmay kuch jimmayadariya bant dena chahiye .sheetkaleen satr tak anna ki team kay members alag alag jagah ek- ek saptha ka moun vrt kar apni urja may ijafa karye. or ant may yah ki anna bhi apni core commiti meeting ka audio/ vidio tap media may jarri karay.
एक टिप्पणी भेजें