
बिहार के रहने वाले और कौन बनेगा करोड़पति में पांच करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रचने वाले सुशील कुमार अब ग्रामीण विकास मंत्रालय के विज्ञापनों में नजर आएगे। सुशील ने भारत सरकार के उस आफर को स्वीकार कर लिया है जिसमें उन्हें मनरेगा का चेहरा बनने की अपील की गई थी। सुशील ने इस आफर को स्वीकार करते हुए कहा कि मुझे खुशी होगी कि मैं भारत सरकार के साथ जुड़ रहा हूं।
सुशील कुमार को ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश ने शुभकामनाओं के साथ शनिवार को बधाई पत्र भेजा था। जिसमें उन्हें मनरेगा का ब्रांड अंबेसडर बनाने का प्रस्ताव दिया था। सुशील को भेजे बधाई पत्र में ग्रामीण विकास मंत्री ने लिखा था कि इस मुकाम तक पहुंचने में आपकी मेहनत अतुलनीय रही। आपकी उपलब्धि से आपका परिवार, मित्र और बिहार के लोग निश्चित रूप से गौरवान्वित महसूस कर रहे होंगे। रमेश ने पत्र में सुशील कुमार के पूर्वी चंपारण जिले (मोतिहारी) में महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत होने का भी जिक्र किया है। उन्होंने पत्र में कहा 'आप हमारे मनरेगा परिवार के सदस्य हैं। मैं आपकी चहुंमुखी सफलता की कामना करता हूं।'
सुशील कुमार को ब्रांड अंबेसडर बनाने से पहले क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को सरकार पूर्ण स्वच्छता अभियान का ब्रांड अंबेसडर बना चुकी है। जबकि केबीसी के सूत्रधार अमिताभ बच्चन खुद कई सरकारी योजनाओं के ब्रांड अंबेसडर हैं। वह पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत 'जिंदगी की दो बूंद' बांटते हैं। गुजरात पर्यटन के लिए भी वह लोगों को रिझाते हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें