उच्चतम न्यायालय ने आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट के खिलाफ कार्यवाही रद्द करने से शुक्रवार को इंकार कर दिया। न्यायमूर्ति बीएस चौहान और न्यायमूर्ति टीएस ठाकुर की पीठ ने गुजरात कैडर के निलंबित आईपीएस अधिकारी भट्ट को राज्य के उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ कोई राहत देने से इंकार कर दिया।
उच्च न्यायालय ने भट्ट की अपील को खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने जामनगर अदालत में अपने खिलाफ लंबित आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने का आग्रह किया था। हिरासत में मौत का मामला 1990 का है जब भट्ट जामनगर में अतिरिक्त अधीक्षक के रूप में तैनात थे।
भट्ट ने जाम जोधपुर नगर में सांप्रदायिक दंगे के दौरान लगभग 150 लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें से एक प्रभुदास वैष्णनी की रिहाई के बाद अस्पताल में मौत हो गई थी। वैष्णनी के भाई ने तब भट्ट और छह अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोप लगाया था कि उन्होंने उसके भाई को हिरासत में प्रताड़ना देकर मार डाला। उच्च न्यायालय ने मामले में भट्ट के 10 अक्टूबर के आग्रह को खारिज करते हुए निचली अदालत को उनके खिलाफ आरोप तय करने की अनुमति दे दी थी ।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें