प्रवासी भारतीयों को वोट का अधिकार मिलेगा. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 8 जनवरी 2012

प्रवासी भारतीयों को वोट का अधिकार मिलेगा.


प्रवासी भारतीयों को भारत में वोट डालने का अधिकार दिए जाने पर जल्द ही फैसला होने की उम्मीद है। प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री वायलार रवि ने शनिवार को जयपुर में ये संकेत दिए। रवि ने सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र में इमिग्रेशन सेंटर का उद्घाटन के बाद कहा कि इस बारे में निर्वाचन आयोग से बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि संसद में भी यह मामला चल रहा है।

प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के पहले दिन शनिवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में सोलर एनर्जी क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं बताते हुए चार नए सोलर पार्क बनाने की घोषणा की। ये पार्क जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर और बाड़मेर में बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के अनुसार जोधपुर का सोलर पार्क जल्दी ही विकसित होगा। इनमें दो-तीन एनआरआई ने निवेश में रुचि दिखाई है। ये निवेशक यहां 10 और 5 मेगावाट के सोलर प्लांट लगाना चाहते हैं। इनमें करीब 200 करोड़ रुपए का निवेश होने की संभावना है। बिडला सभागार परिसर में शुरू हुए सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रसिद्ध उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल समेत 1500 से ज्यादा एनआरआई पहुंच चुके हैं। घर लौटे परदेसियों ने अपने लिए पूंजी निवेश की संभावनाएं तलाशीं।

पर्यटन मंत्री सुबोध कांत सहाय, न्यू एंड रिन्युएबल एनर्जी मंत्री डॉ. फारुख अब्दुल्ला, स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद, रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी, वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेकसिंह आहलूवालिया, ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश और विदेश राज्यमंत्री ई. अहमद और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विभिन्न सेमिनार में जाकर उद्घाटन सत्र की शुरुआत की। इसके बाद पूंजी निवेश की संभावनाओं पर विचार किया गया। सम्मेलन में पहले दिन पानी, बिजली, स्वास्थ्य, पर्यटन क्षेत्रों पर सेमिनार करके प्रवासियों को इन क्षेत्रों में हुई अब तक की प्रगति और भविष्य की जरूरतों के बारे में बताया गया। उन्हें केन्द्र और राज्य सरकारों की नीतियों की जानकारी भी दी गई। 

केंद्रीय मंत्री वायलार रवि ने सीतापुरा में देश के ९वें इमिग्रेशन सेंटर का उद्घाटन किया। यह कार्यालय 17 नामित देशों में जाने वाले श्रमिकों को वहां रहने की मंजूरी देगा। इसके लिए अब तक उन्हें दिल्ली और चंडीगढ़ जाना पड़ता था। इससे शेखावाटी के लोगों को विशेष लाभ होगा। 

विदेश राज्य मंत्री ई. अहमद और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को यहां अजमेर रोड पर नए पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। जोधपुर और सीकर में भी जल्द नए पासपोर्ट सेवा केंद्र खोले जाएंगे। जयपुर में टाटा कंसलटेंसी के साथ पीपीपी के तहत यह केंद्र खोला गया है।  इससे आवेदकों के लिए पूरी प्रक्रिया आसान हो जाएगी। पासपोर्ट कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे।

जयपुर. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद का कहना है कि जयपुर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन से मैं काफी उत्साहित हूं, लेकिन यदि कोई प्रवासी यहां आकर निवेश की बात नहीं करे या भविष्य में निवेश नहीं करे तो ऐसे सम्मेलन का कोई लाभ नहीं। नबी ने कहा कि केंद्र ने यही सोचकर सम्मेलन आयोजित किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रवासी भारतीय मेडिकल-शिक्षा के क्षेत्र में ज्यादा रुचि नहीं ले पा रहे। उन्होंने कहा कि १२वीं योजना के तहत केंद्र ने स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए इस पर होने वाले व्यय को जीडीपी के एक प्रतिशत से बढ़ाकर 2.5 प्रतिशत कर दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं: