अमेरिका में फेफड़े में ट्यूमर से उबरने के लिए कीमोथेरेपी कराने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के धुरंधर बल्लेबाज युवराज सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. युवराज के अप्रैल में स्वदेश लौटने की उम्मीद है. युवराज को कीमोथेरेपी के तीसरे और अंतिम चरण के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था जो अब पूरा हो गया है. ट्विटर के माध्यम से युवराज ने अपने कीमोथेरेपी के पूरा होने की जानकारी दी.
युवराज ने ट्वीट किया, "कीमोथेरेपी का तीसरा चरण पूरा हो गया है. अस्पताल से मुझे छुट्टी मिल गई है और आज से मैं आजाद हूं. जल्द ही रिकवरी हो जाएगी. मैं घर लौटने का अब और इंतजार नहीं कर सकता." युवराज का इलाज उसी अस्पताल में चल रहा था जिस अस्पताल में सात बार के टूर डी फ्रांस जीतने वाले अमेरिकी साइकिल चालक लांस आर्म्सट्रांग ने अपने कैंसर का इलाज कराया था. उल्लेखनीय है कि युवराज इस वर्ष जनवरी के अंतिम सप्ताह में इलाज के लिए अमेरिका गए थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें