उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान की एक जेल पर रविवार को रॉकेट और स्वचालित हथियारों से लैस 100 से ज्यादा तालिबान लड़ाकों ने हमला कर करीब 384 कैदियों सहित कुछ 'खतरनाक' उग्रवादियों को छुड़ा दिया। खैबर पख्तूनख्वा के सूचना मंत्री मियां इफ्तिखार हुसैन ने कहा कि बन्नू शहर स्थित सेंट्रल जेल पर तालिबानी लड़ाकों ने दोपहर करीब डेढ़ बजे रॉकेट और ग्रनेड से हमला किया। इसके बाद 20 उग्रवादी समेत 384 कैदी फरार हो गए।
फरार उग्रवादियों में कुछ विदेशी लड़ाके शामिल हैं। फरार हुए कैदियों में अदनान कुरैशी भी शामिल है। पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की हत्या का प्रयास करने के दोषी कुरैशी को फांसी की सजा सुनाई गई है। जेल के अधिकारियों के मुताबिक हमले के वक्त कुल 944 कैदी जेल में थे। इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान ने ली है। तालिबान के प्रवक्ता एहसानुल्ला एहसान ने फोन पर संवाददाताओं से बातचीत में इस हमले की जिम्मेदारी ली है। उसने बताया कि हमलावर और फरार कैदी विभिन्न जगहों की ओर रवाना हो चुके हैं। हमलावर कार में जेल परिसर पहुंचे थे और फिर एक ट्रक पर सवार हो गए। उन्होंने जेल के रास्ते में अंधाधुंध गोलियां बरसाईं और ग्रेनेड से भी हमला किया। यह हमला करीब दो घंटे तक चला। इसके दौरान उग्रवादियों और पुलिस के बीच जमकर गोलीबारी हुई। खबर के अनुसार इस गोलीबारी में दर्जनों कैदी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें