सेवा यात्रा के दौरान सोमवार को आयोजित जनता दरबार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष ज्यादातर भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें आयीं. किशनगंज के खगड़ा स्टेडियम में आयोजित जनता दरबार में लोगों ने जन कल्याणकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई.
मुख्यमंत्री से ने निगरानी विभाग को शिकायतों की जांच करने का निर्देश दिया. लोगों ने आंगनबाड़ी योजना और इंदिरा आवास योजना में भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई. इनके अलावा भूमि और बिजली से संबंधित आवेदन आए. जनता दरबार में पोठिया प्रखंड के शीतलपुर पंचायत अंतर्गत चाय बागान की जमीन पर रहमानी फाउंडेशन द्वारा प्रस्तावित शिक्षण संस्थान के मामले को लेकर भी दोनों पक्षों की तरफ से आवेदन पड़े. रहमानी फाउंडेशन का कहना था कि उक्त जमीन पर आदिवासियों का अवैध कब्जा है.
हाल के दिनों में चर्चा में रहा टेढ़ागाछ प्रखंड शिक्षक नियोजन का मामला भी जम कर उछला. आवेदन देने वालों ने लोकायुक्त के आदेश की डीईओ द्वारा अनदेखी करने का आरोप लगाया और न्याय की मांग की. मुख्यमंत्री के जनता दरबार में किशनगंज लोकसभा निर्वाचन वर्ष 1999 में आपूर्ति किये गये स्टेशनरी के बकाया विपत्र के भुगतान हेतु बार-बार निवेदन करने के बावजूद 13 वर्षों से भुगतान नहीं करने का मामला सामने आया.
फरियादी ने संबंधित कर्मचारी देवत द्वारा घूस की मांग और घूस नहीं देने पर भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया. बहादुरगंज प्रखंड के कटहलबाड़ी के फरियादी निर्मल कुमार, कमला प्रसाद, प्रेम लाल ने आवेदन किया कि सेंट्रल बैंक की कटहलबाड़ी शाखा के प्रबंधक दलितों पर अत्याचार कर रहे हैं. जनता दरबार में रूइधासा स्थित सेंट चाइल्ड स्कूल की जमीन का मामला भी सामने आया जिसमें फरियादी ने आवेदन देकर मुख्यमंत्री से शिक्षा के मंदिर को बेचने से रोकने की मांग की. मुख्यमंत्री ने इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को निगरानी विभाग को सौंप दिया. जनता दरबार में घुमंतू, खानाबदोश महादलित कुरियाड जाति द्वारा मधुमक्खी पालन का ऋण माफ करने को लेकर भी आवेदन दिया गया.
प्राथमिक शिक्षक संघ किशनगंज ने भी भ्रष्टाचार में लिप्त पदाधिकारियों एवं लिपिकों द्वारा शिक्षकों की विधि समस्याओं को टालते जाने के संबंध में आवेदन दिया. आवेदन में लिखा है कि नियमों एवं सरकारी आदेशों एवं उच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद शिक्षा विभाग के टालमटोल रवैये के कारण प्राथमिक शिक्षकों की विविध प्राप्य एवं समस्याएं वर्षों से लंबित हैं. फरियादियों में कोचाधामन के उप प्रमुख कैसर आलम ने बाल विकास पदाधिकारी कोचाधामन द्वारा मनमाने ढंग से पर्यवेक्षिकाओं द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के सेविकाओं से रुपये उगाही करने की शिकायत की. वहीं रुइधासा निवासी धमेंद्र सिंह ने सूचना के अधिकार के अंतर्गत सूचना मांगे जाने पर झूठा मुकदमा कर गिरफ्तार करने तथा सूचना नही देने के मामले को लेकर आवेदन दिया.
जनता दरबार में भारतीय युवा कांग्रेस के नीरज कुमार एवं हबीबुर्रहमान ने भी जिला की समस्याओं को दर्शाते हुए उसके निदान की मांगे को लेकर भी आवेदन दिया. जनता दरबार में हलीम चौक निवासी रूपेंधा देवी ने अपने पर हुए अत्याचार, विकास मित्र में योगदान को लेकर जोगंती कुमारी, अंत्योदय के बदले एपीएल कार्ड दिये जाने का आरोप लगाते हुए माछमारा के स्थानीय लोगों ने आवेदन दिया. वहीं 86-87 से आरडब्ल्यूडी1 में कार्यरत रोलर ड्राइवर ने नियमित किये जाने की मांग को लेकर आवेदन दिया.
जलने में रामबाण के रूप में दवाई विकसित करने वाले कृति आदित्य ने इसे प्रोत्साहन की मांग को लेकर आवेदन दिया. वहीं जिला अधिवक्ता संघ ने समस्याओं के निदान की मांग को लेकर आवेदन दिया तो वहीं अधिवक्ता सह न्याय मित्र गीता कुमारी ने न्याय मित्रों का सेवा विस्तार करने की मांग को लेकर आवेदन दिया. वहीं पंचायत शिक्षक संघ कटिहार ने भी अपने मांगों को लेकर आवेदन दिया. आवेदन देने वालों में बैंक संबंधित मामलों की भी भरमार थी और कोई भी विभाग इससे अछूता नही था.
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें