करोड़ों भारतीयों की निगाहें पहलवान सुशील कुमार पर लगी हुई थी कि वह देश को लंदन ओलंपिक के आखिरी दिन रविवार को खेलों के महाकुंभ का पहला स्वर्ण पदक दिलवाएंगे लेकिन सुशील ६६ किलोग्राम वर्ग के खिताबी मुकाबले में जापान के तातसुहिरो योनेमित्सु के खिलाफ दो राउंड में पराजित हो गए। सुशील को रजत से ही संतोष करना पड़ा।
सुशील कुमार ने लगातार दो ओलंपिक में दो पदक जीतने वाला पहला भारतीय खिलाड़ी बने। सुशील धुआंधार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंचे थे और पूरे देशवासियों को उम्मीद थी कि वह इन खेलों में देश को पहला स्वर्ण पदक दिला देंगे। लंदन में भारतीय ध्वजवाहक बन चुके सुशील स्वर्ण पदक के मुकाबले में कहीं थके नजर आए और जापानी पहलवान उनसे बेहतर साबित हुआ। योनेमित्सु ने पहला राउंड १-० और दूसरा राउंड ३-१ से जीतकर करोड़ों भारतीय उम्मीदों को तोड़ दिया। इसके साथ ही भारत का लंदन ओलंपिक में अभियान छह पदकों के साथ समाप्त हो गया। भारत ने लंदन में दो रजत और चार कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें