बिहार के भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र में सोमवार को सोन नदी में एक नाव पलटने की घटना में मगंलवार सुबह पांच और शव निकाले गए। इस तरह इस दुर्घटना में अब तक मरने वालों की संख्या 12 हो गई है जबकि अभी भी 10 से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। सहार थाना के प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय आपदा त्वरित बल (एनडीआरएफ) के जवानों द्वारा लापता लोगों की खोज की जा रही है, जिसमें स्थानीय गोताखोरों की मदद भी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को पांच शव निकाले गए हैं, जिसमें सभी महिलाएं हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार की सुबह भंवरी गांव के करीब 30 से 40 लोग धौरी घाट पर एक नाव पर सवार होकर सोन नदी पार कर रहे थे कि बीच नदी में नाव पलट गई। सोमवार की शाम तक सात लोगों के शव नदी से बाहर निकाल लिए गए थे। इनमें पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद कई लोग खुद तैरकर नदी से बाहर आ चुके हैं। दुर्घटना के पीछे का कारण नाव में अधिक सवारी का होना बताया जा रहा है।
सरकार ने नाव दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये बतौर मुआवजा राशि देने की घोषणा की है। एक अधिकारी के अनुसार डेढ़-डेढ़ लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग से जबकि 50-50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से उपलब्ध कराए जाएंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें