श्वेत क्रांति के जनक डॉ़ वर्गीज कुरियन को बिहार के कई नेताओं ने मरणोपरांत 'भारत रत्न' से नवाजे जाने की मांग की है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने दुग्ध क्रांति के जनक कुरियन को भारत रत्न देने की मांग करते हुए कहा कि उनका योगदान भारत रत्न देने के योग्य है। इस मांग को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री को एक पत्र भी लिखा है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि देश में दुग्ध व्यवसाय में सहकारिता को सफल बनाकर उसमें नई जान फूंकने वाले कुरियन को मरणोपरांत भारत रत्न मिलना चाहिए। यही उनके प्रति पूरे देश के लोगों के लिए सच्ची श्रद्घांजलि होगी। राजद के महासचिव और सांसद रामकृपाल यादव ने कुरियन के निधन को पूरे देश के लिए महान क्षति बताते हुए देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि श्वेत क्रांति के जरिए उन्होंने भारत को दुग्ध उत्पादन देशों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया। उन्होंने भी कुरियन को भारत रत्न देने की वकालत की है।
जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी कुरियन के निधन के बाद उन्हें सर्वोच्च सम्मान से नवाजे जाने की वकालत करते हुए कहा कि कुरियन को सर्वोच्च सम्मान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्घांजलि होगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें