छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर (05 नवम्बर) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 5 नवंबर 2012

छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर (05 नवम्बर)


समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिये कई निर्देश  
  • राशनकार्ड बनवाये जाने हेतु होगा घर-घर सर्वे: कलेक्टर 


छतरपुर, कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा ने आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के संबंध में कई निर्देश दिये। उन्होंने लंबित जनशिकायत प्रकोष्ठ के प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के लिये अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने अवगत कराते हुये कहा कि 06 नवंबर को समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी अधिक समय से लंबित चल रहे प्रकरणों को समीक्षा हेतु शामिल किया जा सकता है। कलेक्टर श्री बहुगुणा ने कहा कि अधिकारी अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के बजट की जानकारी आदिम जाति कल्याण विभाग में भेज दें। इसकी समीक्षा बैठक विधायक चंदला श्री राम दयाल अहिरवार की अध्यक्षता में आयोजित की जानी है। उन्होंने कहा कि आगामी 09 नवंबर को लवकुशनगर में, 17 नवंबर को बड़ामलहरा में एवं 30 नवंबर को बक्सवाहा में खण्डस्तरीय अंत्योदय मेला आयोजित किया जाना है। इसके लिये सभी विभाग अपनी तैयारी सुनिश्चित् करें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि यदि किसी विभाग की जिले में जमीन, भवन या अन्य परिसम्पत्ति है तो उसकी जानकारी शीघ्र भेज दें ताकि उसे राजस्व अभिलेख में इंद्राज कराया जा सके। उन्होंने अवगत कराते हुये कहा कि आगामी 21 नवंबर को संभागायुक्त श्री आर के माथुर नौगांव विकासखण्ड के अंतर्गत किसी एक ग्राम में रात्रि विश्राम करेंगे। इसलिये सभी विभागों के अधिकारी क्षेत्र में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का हितग्राहियों को लाभ पहुंचाना सुनिश्चित् करें। उन्होंने लोक सेवा गारंटी केंद्र में अधिकारियों को राजस्व विभाग से संबंधित जनता के आवेदन भिजवाये जाने की भी समझाईश दी। 

कलेक्टर श्री बहुगुणा ने नये राशनकार्ड बनाये जाने के संबंध में घर-घर जाकर सर्वे कराये जाने की बात कही। उन्होंने इस हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर कार्यक्रम तैयार करने के लिये खाद्य विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन प्रदान करने के लिये गैस डीलरों की मीटिंग बुलाये जाने तथा गैस कनेक्शन के नये नियमों की जानकारी देने के उद्देश्य से जिले में कार्यशालायें आयोजित कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री बहुगुणा ने निःशक्तजनों को रोजगार हेतु प्रशिक्षण दिलाने हेतु परियोजना समन्वयक शहरी विकास अभिकरण को निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निःशक्तजनों के रिक्त पदों की भर्ती के संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस संबंध में की गई कार्यवाही की एक प्रति उप संचालक सामाजिक न्याय कार्यालय को अवश्य भेजें। उन्होंने आरईएस विभाग को ग्राम प्रकाश बम्हौरी में खरंजा एवं स्टापडेम कम रपटा बनवाये जाने के निर्देश दिये। इसी तरह शिक्षा विभाग एवं विद्युत कंपनी के अधिकारियों को गत दिवस ग्राम प्रकाश बम्होरी में रात्रि चौपाल में आई समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिये। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भावना वालिम्बे ने लवकुशनगर के अंत्योदय मेले में सभी विभागों के स्टॉल लगाये जाने के निर्देश दिये। अपर कलेक्टर श्री गिरीश कुमार शर्मा ने मंडी निर्वाचन हेतु अधिकारियों-कर्मचारियों एवं वाहन की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जे के श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर श्री आर के बोहत, डिप्टी कलेकटर श्री बी के पाण्डेय, सुश्री सपना खेमरिया, सीएमएचओ डॉ के के चतुर्वेदी, उप संचालक सामाजिक न्याय श्री वीरेश सिंह बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन जारी 

छतरपुर, भारत सरकार के क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय, छतरपुर द्वारा आगामी 07 नवंबर तक टीकमगढ़ जिले के पलेरा व बल्देवगढ़ विकासखण्ड के ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य जागरूकता के संबंध में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत मातृ एवं शिशु मृत्यु दर रोकने एवं संस्थागत प्रसव करवाने के उद्देश्य से आमजन को जननी सुरक्षा योजना, टीकाकरण, जननी शिशु स्वास्थ्य पर जागरूकता रैली, स्वास्थ्य शिविर, संगोष्ठी, चलचित्र व चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।         

पंचायत निर्वाचन हेतु प्रतिभूति राशि बढ़ायी गयी  

छतरपुर, म0प्र0 पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के नियम 33 में संशोधन कर पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव हेतु प्रतिभूति राशि को बढ़ाकर दुगना कर दिया गया है। नियम 33 के खण्ड क में 100 रूपये के स्थान पर 200 रूपये, खण्ड ख में 500 रूपये के स्थान पर 1000 रूपये, खण्ड ग में 1000 रूपये के स्थान पर 2000 रूपये तथा खण्ड घ में 2000  रूपये के स्थान पर 4000 रूपये कर दिया गया है। संशोधन पश्चात् उक्त आदेश का म0प्र0 असाधारण राजपत्र में 14 सितंबर 2012 को क्रमांक 409 में प्रकाशित किया गया है।  

राजनगर विधानसभा क्षेत्र के पर्यवेक्षकों की बैठक सम्पन्न 

छतरपुर, राज्य शासन के निर्देशानुसार विगत 03 नवंबर को अपर कलेक्टर श्री गिरीश शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 50 राजनगर की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य के संबंध में समस्त पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने एवं वर्तमान में मतदान केंद्र से बाहर निवासरत अथवा मृत मतदाताओं के नाम काटने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक मतदाता सूची को त्रुटिरहित रखने हेतु आयोग के निर्देशों का कड़ायी से पालन करें। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूूची में नाम जोड़े जाने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 20 नवंबर 2012 कर दिया गया है। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने ग्राम सभा में मतदाता सूची का वाचन कराने के साथ ही 18 से 19 वर्ष के सभी पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा जनसंख्या के अनुपात के अनुसार मतदाताओं का अनुपात 61 प्रतिशत रखने के निर्देश दिये। महिला मतदाता के अनुपात पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुये उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक मतदान केंद्रों पर जाकर बीएलओ की पंजी व कार्यालय का निरीक्षण करें। 
         
बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 10 पर्यवेक्षकों को उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 50 राजनगर में दावे-आपत्ति के संबंध में किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर अनुविभागीय अधिकारी व निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के मोबाईल नंबर 9425143938 अथवा तहसीलदार व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के मोबाईल नंबर 9425342434 पर संपर्क किया जा सकता है।  

प्रशिक्षिका पद हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 10 नवंबर 

छतरपुर, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिले के बालिका छात्रावासों ईशानगर, गौरिहार, भगवां, राजनगर, चंदला, महाराजपुर, बक्सवाहा एवं किशनगढ़ में बालिकाओं की कोचिंग व्यवस्था हेतु गणित, विज्ञान व अंग्रेजी विषय के स्नातक/स्नातकोत्तर प्रशिक्षिकाओं की आवश्यकता है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन-पत्र 10 नवंबर तक संबंधित छात्रावास की शाला प्रबंधन समिति के पास जमा कर सकते हैं। मानदेय एवं अन्य शर्तों को छात्रावास अथवा जिला शिक्षा अधिकारी, छतरपुर के सूचना पटल पर देखा जा सकता है।   

1 टिप्पणी:

santoshgangele ने कहा…

Aap ke Duwaraa Chhatarpur jila ki khabar prakashit karne se Chhatarpur jila prashaasan Jagruk huaa. santosh gangele