फर्जी अंकसूची पाये जाने पर कार्यवाही के निर्देश
छतरपुर, म0प्र0 राज्य ओपन स्कूल के अंतर्गत अध्ययन केंद्र शासकीय बालक उत्कृष्ट उच्चतर माध्मिक विद्यालय, आष्टा द्वारा कक्षा 12 वीं की 02 फर्जी अंकसूची प्राप्त हुयी हैं। जिसके तहत जारी अनुक्रमांक 3902035111 पर श्रवण कुमार पुत्र विक्रम सिंह ठाकुर तथा अनुक्रमांक 3902035032 में देवेन्द्र कुमार पुत्र श्री राधेश्याम का नाम दर्ज है, जो कि जांच उपरांत पूर्णतः फर्जी पायी गयी हैं। संचालक, म0प्र0 राज्य ओपन स्कूल, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा ने किसी अनाधिकृत अथवा बाहरी व्यक्ति से अंकसूची प्राप्त न करने की अपील की है। फर्जी अंकसूची पाये जाने पर कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
छापामार कार्यवाही कर जुर्माना वसूली की गयी
छतरपुर, कलेक्टर श्री राजेश बहुगुणा के निर्देशानुसार विगत अक्टूबर माह में सहायक आबकारी आयुक्त श्री पी एल राकेश द्वारा अधिकारियों एवं मातहत स्टॉफ की टीम गठित कर छतरपुर, नौगांव, बिजावर, खजुराहो एवं लवकुशगर वृत्त में गहन चेकिंग व छापामार कार्यवाही कर 3 लाख 35 हजार 940 रूपये जुर्माने के रूप में वसूल किये गये। सहायक आबकारी आयुक्त श्री पी एल राकेश ने बताया कि उक्त राशि अक्टूबर 2012 में 113 एवं माह के अंत तक 765 विभागीय प्रकरण पंजीबद्ध कर उक्त राशि वसूल की गयी है। अक्टूबर 2012 में 28 न्यायालीन प्रकरण व माह के अंत तक 183 प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के विरूद्ध न्यायालयीन कार्यवाही की गयी, जिसमें 2 हजार 442 लीटर विदेशी मदिरा, 371 लीटर देशी मदिरा एवं 29 लीटर हाथ भट्टी की मदिरा जप्त की गयी है।
पुलिस वाहिनी में भूतपूर्व सैनिकों की भर्ती होगी
छतरपुर, जिले के ऐसे भूतपूर्व सैनिक, जो कि नायक व सिपाही के पद से सेवानिवृत्त हुये हैं, वे अनुबंध के आधार पर म0प्र0 विशेष सहयोगी पुलिस वाहिनी में नायक के 77, सैनिक के 839 व सैनिक चालक के 40 पदों पर भर्ती हेतु आवेदन कर सकते हैं। अनुबंध राशि के रूप में प्रतिमाह नायक को 12 हजार 500 रूपये व सिपाही को 10 हजार रूपये की राशि प्राप्त होगी। उम्मीदवार की आयु 01 जनवरी 2013 की स्थिति में 45 वर्ष से कम होना चाहिये। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी 15 अक्टूबर के रोजगार और निर्माण समाचार पत्र अथवा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय छतरपुर से प्राप्त की जा सकती है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें