कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा गुरुवार को समाप्त हो गया। सोनिया गांधी ने दौरे के आखिरी दिन अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और बाद में जिला सतर्कता एंव अनुश्ववण समिति की बैठक में जिले के विकास कार्यो की जानकारी ली। रायबरेली के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में आयोजित जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण की बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी ने की।
बैठक में रायबरेली शहर में सीवर लाइन बनाने के लिए करीब सौ करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों और महिलाओं तक पहुंचे यह सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान ऊंचाहार सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक मनोज पांडेय द्वारा जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण में धांधली की शिकायत की गई जिस पर सोनिया ने अधिकारियों को जांच कराने के निर्देश दिए। बैठक के बाद सोनिया गांधी दो दिवसीय दौरा समाप्त करके दिल्ली रवाना हो गईं।
बैठक से पहले रायबरेली स्थित भुएमऊ अतिथि गृह में सोनिया गांधी ने सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर साढ़े नौ बजे तक अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से बारी-बारी से मिलकर उनका दु:ख दर्द सुना। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया, "कांग्रेस अध्यक्ष बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं लेकर आए सैकड़ों लोगों से एक-एक करके मिलीं और उनकी परेशानियों को सुना। उन्हें हर संभव मदद का वादा किया।"
बाद में कांग्रेस अध्यक्ष ने रायबरेली स्थित सिमहैंस अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत की। दौरे के पहले दिन सोनिया ने बुधवार को लालगंज में रेल कोच फैक्टरी का लोकार्पण करने के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास किया था।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें