बिहार के मुजफ्फरपुर जेल में बंद जनता दल (युनाइटेड) के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला ने शुक्रवार को पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में अधिकार रैली से सम्बंधित पर्चे बांटे। शुक्ला पर इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक ने अधिकार रैली के नाम पर दो करोड़ रुपये बतौर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। वैशाली जिले के लालगंज की विधायक अन्नू शुक्ला के पति मुन्ना शुक्ला को हत्या के एक मामले में जिला अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। इस दौरान उन्होंने पर्चे बांटकर लोगों से चार नवम्बर को पटना में आयोजित अधिकार रैली में बड़े पैमाने पर भाग लेने की अपील की।
पत्रकारों द्वारा वैशाली के इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगने के मामले पर पूछे जाने पर उन्होंने इन आरोपों को झूठ बताते हुए कहा कि वह लोगों से केवल रैली में भाग लेने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता से आशीर्वाद मांग रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कॉलेज के निदेशक संतलाल यादव ने वैशाली जिले के भगवानपुर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराकर पूर्व विधायक पर अधिकार रैली के नाम पर दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें