संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने इस्राइल और सीरिया से अपनी विवादित गोलन हाइटस सीमा पर तनाव में कमी किए जाने की अपील की है। वह पहले भी कई बार इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका संबंधी चेतावनी जारी कर चुके हैं।
गोलन में एक इस्राइली ठिकाने पर सीरिया द्वारा दागा गया मोर्टार गिरने के बाद इस्राइल ने चेतावनी के रूप में सीरिया पर गोलीबारी की। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता मार्टिन नेसिर्की ने बताया कि महासचिव तनाव में वृद्धि की आशंका को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं।
महासचिव ने दोनों पक्षों से बेहद संयम बरतने और 1974 के समझौते का पालन करने की अपील की है जिसके तहत दोनों देशों के बीच युद्धविराम लागू करने के साथ ही एक विसैन्यीकृत जोन स्थापित किया गया था जहां संयुक्त राष्ट्र के बल गश्त लगाते हैं। बान ने कहा कि सीरिया और इस्राइल को युद्धविराम रेखा पर हर हालत में किसी भी प्रकार की गोलीबारी से बचना चाहिए। उन्होंने बार बार चेतावनी दी है कि सीरिया की 20 महीने पुरानी लड़ाई पड़ोसी देशों इस्राइल, लेबनान और तुर्की तक फैल सकती है।
प्रवक्ता ने बताया कि बान विसैन्यीकृत जोन में राष्ट्रपति बशर अल असद और विपक्षी विद्रोहियों के बीच संघर्षों की खबरों से चिंतित हैं। संयुक्त राष्ट्र निरीक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस इलाके से सीरियाई सेना को पीछे हटाए जाने की मांग की है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें