मेयर विनोद चमोली ने कहा कि मलिन बस्तियों के नियमितिकरण को लेकर कांग्रेस राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों के नियमितिकरण का गजट नोटिफिकेशन भाजपा सरकार के शासनकाल में हो गया था, बावजूद इसके सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा मलिन बस्तियों के नियमितिकरण की घोषणा करने पर शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर सरकार का आभार व्यक्त किया जा रहा है, जबकि मलिन बस्तियों के नियमितिकरण का गजट नोटिफिकेशन भाजपा सरकार के शासनकाल में 13 दिसंबर 2011 को हो चुका है। उन्होंने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार मलिन बस्तियों का नियमितिकरण करने के बजाए नियमितिकरण में बाधा बनी हुई है। मलिन बस्तियों के नियमितिकरण के संबंध में जो गजट नोटिफिकेशन हो रखा है उसमें एक्जीक्यूशन किया जाना था लेकिन कांग्रेस सरकार इसमें अनावश्यक रूप से विलंब कर रही है।
नगर निगम द्वारा मलिन बस्तियों के नियमितिकरण को लेकर एक ग्यारह सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी, कमेटी अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों के नियमितिकरण के संबंध में नगरनिगम अपना कार्य पूर्ण कर चुका है। कांग्रेस मलिन बस्तियों को लेकर केवल राजनीति करती है। कांग्रेस इस मामले में पिछले कई वर्षों से राजनीति कर रही है। कांग्रेस का मलिन बस्तियों के नियमितिकरण के मामले में कभी भी सकारात्मक रूख नहीं रहा है। कांग्रेस सरकार ने केवल सितारगंज में मलिन बस्तियों के नियमितिकरण का शासनादेश जारी किया है, उसका भी अभी तक क्रियान्वयन नहीं हुआ है।
(राजेन्द्र जोशी)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें