भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन ने कहा है कि उनका हमेशा से 'सर्वशक्तिमान अल्लाह' में विश्वास रहा है और उनकी अंतरआत्मा साफ रही है। अजहरूद्दीन ने कहा कि 12 वर्ष काफी लम्बा समय होता है लेकिन मैंने धर्य बनाए रखा और आखिर सच्चाई की जीत हुई। वास्तव में आज का दिन मेरे लिए बहुत बड़ा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से 12 वर्ष पहले अजहरूद्दीन पर लगाए गए आजीवन प्रतिबंध को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय ने गुरुवार को 'गैर कानूनी' करार दिया।
आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने निचली अदालत के निर्णय को खारिज करते हुए अजहरूद्दीन पर लगे आजीवन प्रतिबंध को हटा दिया। मैच फिक्सिंग का दोषी पाए जाने के बाद बीसीसीआई ने पांच दिसम्बर, 2000 को अजहरूद्दीन के क्रिकेट खेलने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था।
हैदराबाद के अजहरूद्दीन ने बीसीसीआई के फैसले को स्थानीय अदालत में चुनौती दी थी लेकिन अदालत ने प्रतिबंध बरकरार रखा। इसके बाद अजहरूद्दीन ने निचली अदालत के फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी। उच्च न्यायालय का यह फैसला अजहरूद्दीन के लिए राहत भरा है क्योंकि वह हमेशा से कहते आए हैं कि बीसीसीआई की ओर से लगाया गया प्रतिबंध गलत और एकपक्षीय कार्रवाई है।
अजहरूद्दीन के वकील ने उच्च न्यायालय में कहा कि बीसीसीआई ने बगैर किसी साक्ष्य के अजहरूद्दीन पर आजीवन प्रतिबंध लगाया था। बीसीसीआई ने मैच फिक्सिंग के आरोप में अजहरूद्दीन एवं अजय शर्मा पर आजीवन प्रतिबंध जबकि अजय जडेजा और मनोज प्रभाकर पर पांच-पांच वर्ष का प्रतिबंध लगाया था।
वर्ष 2000 में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान हैंसी क्रोन्ये ने मैच फिक्सिंग प्रकरण में अजहरूद्दीन का नाम लिया था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इन खिलाड़ियों के सम्बंध बुकीज से होने की जांच शुरू किया था जिसके बाद बीसीसीआई ने यह प्रतिबंध लगाया था। क्रोन्ये ने कहा था कि अजहरूद्दीन ने उनकी मुलाकात बुकीज से कराई थी।
अजहरूद्दीन ने संवाददाताओं से कहा, "मैंने हमेशा से खेल को ईमानदारी से खेला। आज मैं राहत महसूस कर रहा हूं। मैं धर्य के साथ लम्बी लड़ाई लड़ी है। यह आसान नहीं था। मैं उन सबका शुक्रगुजार हूं जिन्होंने कठिन समय में मेरा साथ दिया। आज मैं बहुत खुश हूं।"
अजहरूद्दीन ने राज सिंह डूंगरपुर, कपिल पाजी और कमल मोरारका का आभार व्यक्त किया जिन्होंने मुश्किल समय में उनका भरपूर साथ दिया। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सांसद अजहरूद्दीन भारत के सबसे सफलतम टेस्ट कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने 99 टेस्ट मैचों में 6,215 रन बनाए हैं। इसके अलावा 334 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में अजहरूद्दीन के नाम 9,378 रन दर्ज हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें