मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी नई टीम के साथ पहली बैठक में आगे की रणनीति तय करेंगे. यूपीए-2 के मंत्रिमंडल में आखिरी फेरबदल के बाद मंत्रियों की आज पहली बैठक है. प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी नई टीम के साथ 7 आरसीआर पर यह बैठक करेंगे. इस बैठक में अहम यह है कि प्रधानमंत्री अपनी टीम के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे. 2014 में लोकसभा चुनाव है और मंत्रिमंडल में अखिरी फेरबदल के बाद सरकार इस चिंता में है कि अगली रणनीति कैसी हो.
इस बैठक के जरिए प्रधानमंत्री की यह टीम आने वाले दिनों में सरकार के एजेंडे का पूरा खाका तैयार करेगी. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने संभवत तीसरी बार मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है. यूपीए-2 के कामकाज शुरू करने के तुरंत बाद मई 2009 में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक बुलाई गई थी. दूसरी बार युवा मंत्रियों की शिकायत पर कि वरिष्ठ मंत्री उन्हें पर्याप्त कार्य आवंटन नहीं कर रहे हैं, मंत्रिपरिषद की बैठक आहूत की गई थी.
प्रधानमंत्री के अलावा इस बैठक को वित्त मंत्री पी चिंदबरम भी संबोधित करेंगे. सरकारी सूत्रों ने बताया कि अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने को लेकर प्रधानमंत्री के प्रयास बैठक के केंद्र बिंदु होंगे. हाल में किए गए महात्वाकांक्षी फैसलों के कार्यान्वयन में वह अपने सहयोगियों के बीच अधिक समन्वय की अपील करेंगे. सरकार के पास लंबित मुद्दों में कई विधेयक हैं जिन्हें मंजूरी दी जानी है. इनमें वित्तीय और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े उत्पाद एवं सेवा कर विधेयक और शैक्षिक न्यायाधिकरण विधेयक शामिल हैं. रविवार को मंत्रिपरिषद में व्यापक फेरबदल कर 21 नए चेहरे शामिल किए गए थे. युवा मंत्रियों को प्रोन्नति दी गई और कई के विभाग भी बदले गए.
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें