बीबीसी के महानिदेशक जॉर्ज एंटविस्टल ने बीबीसी टेलीविजन के 'न्यूजनाइट' कार्यक्रम में बाल शोषण से सम्बंधित रपट प्रसारित होने के बाद शनिवार रात यह कहते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया कि इस रपट का प्रसारण नहीं होना चाहिए था। 'बीबीसी' के अनुसार न्यू ब्रॉडकास्टिंग हाउस के बाहर एंटविस्टल ने कहा, "मैंने निर्णय लिया है कि इस मामले में सम्मानजनक स्थिति यही है कि मैं इस्तीफा दे दूं।"
एंटविस्टल ने कहा कि न्यूजनाइट की जिस रपट में बाल शोषण के मामले में पूर्व वरिष्ठ टोरी नेता लार्ड मैकअल्पाइन को बेवजह लिप्त बताया गया था, उसका प्रसारण नहीं होना चाहिए था। यह रपट उत्तरी वेल्स स्थित देखभाल गृह में बाल शोषण से सम्बंधित थी। यह रपट दो नवम्बर को न्यूजनाइट में प्रसारित की गई थी। इसमें पीड़ित व्यक्ति ने पूर्व टोरी राजनेता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, लेकिन शुक्रवार को पाया गया कि पीड़ित ने गलत व्यक्ति पर आरोप लगाया है।
एंटविस्टल ने कहा कि चूंकि महानिदेशक, प्रमुख सम्पादक और अंतत: समाचार की विषय वस्तुओं के लिए जिम्मेदार भी होता है, इसलिए वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। कार्यक्रम का प्रसारण पत्रकारिता के मानदंडों के अनुरूप नहीं है। वह 17 सितंबर को ही इस पद पर नियुक्त हुए थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें